अंतर्जातीय विवाह करने वाले दंपत्ति का हुआ सम्मान कलेक्टर ने सौंपा प्रशस्ति पत्र

बीजापुर – सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने और समाज से जातिगत दूरियों को मिटाने के उद्देश्य से बीजापुर जिले में एक सराहनीय पहल की गई है। शासन की अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत जिला कार्यालय में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में कलेक्टर  विश्वदीप एवं सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास बीजापुर द्वारा नवविवाहित दंपत्ति  सचेन्द्र कुमार एवं श्रीमती प्रियंका झाड़ी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।इस अवसर पर कलेक्टर श्री विश्वदीप ने नवविवाहित जोड़े को गुलदस्ता भेंट किया और उनके सुखमय एवं उज्ज्वल दांपत्य जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि सचेन्द्र और श्रीमती प्रियंका का यह कदम समाज के लिए एक प्रेरणा है। अंतर्जातीय विवाह सामाजिक एकता को मजबूत करने और रूढ़िवादी सोच को बदलने में बेहद मददगार साबित होते हैं। सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास बीजापुर ने बताया कि राज्य शासन द्वारा अंतर्जातीय विवाह करने वाले जोड़ों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। विभाग का लक्ष्य है कि ऐसी योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे ताकि सामाजिक समरसता की नींव मजबूत हो सके। अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़े को शासन की कल्याणकारी योजनाओं और मिलने वाली प्रोत्साहन सुविधाओं की भी जानकारी दी।