सरदार पटेल जयंती पर पुलिस का जन जागरूकता पखवाड़ा; सेजेस राजिम विद्यालय में छात्र-छात्राओं को मिले सुरक्षा और कानून के पाठ।

राजिम – लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे ‘जन जागरूकता पखवाड़ा’ के अंतर्गत शासकीय पंडित राम विशाल पांडे स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस) राजिम में एक भव्य कार्यक्रम का समापन हुआ जिसमें विभिन्न सामाजिक आयोजन किया गया। विद्यालय के व्याख्याता सागर शर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में कानून, सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश दिया गया।कार्यक्रम में प्रमुख रूप से राजिम थाना की एसआई सरोज चवरे के साथ प्रशिक्षु एसआई दिव्या पैकरा एवं आरक्षक रवि सिदार विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को नवीन कानूनों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिसके अंतर्गत साइबर फ्रॉड से बचने के लिए सतर्कता, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार और निजी जानकारी को गोपनीय रखने की समझ दी गई।महिला सुरक्षा एवं कानून के विषय में बताते हुए बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा संबंधी विशेष कानूनों से अवगत कराया गया।हेल्पलाइन सेवाएं की जानकारी प्रदान करते हुए आपातकालीन स्थिति के लिए 112 और 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) की उपयोगिता समझाई गई। सायबर अपराधों के प्रति सजगता और सुरक्षा के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, ‘समाधान ऐप’ के माध्यम से पुलिस से जुड़ने की प्रक्रिया बताई गई।कानूनी जागरूकता के साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाते हुए एक पेड़ माँ के नाम 3.0 अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस टीम, शिक्षकों और विद्यार्थियों द्वारा आम, नीम, जामुन, काजू, गुलमोहर आदि फलदार एवं छायादार पेड़ों का पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर मिशन लाइफ यूथ एंड इको क्लब का विशेष सहयोग रहा। उपस्थित अतिथियों ने छात्र छात्राओं को आजीवन इन पेड़ों की देखभाल करने की प्रेरणा दी। संपूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन व्याख्याता एवं एनसीसी अधिकारी सागर शर्मा ने किया। विद्यालय परिवार की ओर से प्राचार्य बी. एल. ध्रुव, व्याख्याता संतोष सूर्यवंशी, कमल सोनकर, समीक्षा गायकवाड़, गोपाल देवांगन, शिक्षिका शिखा महाड़ीक एवं अंजू मार्कण्डेय सहित अन्य स्टाफ सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र- छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन प्राचार्य बी. एल. ध्रुव ने किया। यह आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में एक सार्थक कदम रहा।