चांपा – थाना क्षेत्र के हनुमान धारा में रविवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शव मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को पानी से बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी।घटना की जानकारी सबसे पहले वन विभाग के एक बीट गार्ड को मिली, जिसने पानी में पड़ा शव देखकर तुरंत अपने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। इसके बाद यह जानकारी चांपा पुलिस तक पहुंचाई गई और पुलिस बल मौके पर पहुंचा।शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध नजर आ रहा है, जिसके चलते पुलिस हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं कर रही है। हालांकि इस बारे में स्पष्ट और आधिकारिक जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा विस्तृत जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।
अब तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उसने काले रंग के कपड़े पहन रखे थे, कमर में भूरे रंग की बेल्ट और गले में दुपट्टे जैसा कपड़ा लिपटा हुआ मिला। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए यह अनुमान लगाया जा रहा है कि हत्या के बाद शव को पानी में फेंका गया हो सकता है, हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए चांपा के शासकीय बीडीएम अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच पूरी होने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
