गरियाबंद – जिले के छुरा क्षेत्र में लगातार 24 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। तेज बारिश और जलभराव के चलते छुरा-कुसमी मार्ग पर बरसाती नाले पर बना कोसुमबूड़ा पुल टूट गया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।पुल टूटने के बाद नवापारा, सारागांव, दुल्ला, चुरकीदादर, बम्हनी सहित 10 से अधिक गांवों का छुरा मुख्यालय से संपर्क कट गया है। ग्रामीणों को जरूरी काम, इलाज और अन्य सेवाओं के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि यह पुल कई साल पहले बनाया गया था और काफी समय से जर्जर स्थिति में था। स्थानीय ग्रामीण लंबे समय से पुराने पुल को हटाकर नया और मजबूत पुल बनाने की मांग कर रहे थे, लेकिन समय रहते निर्माण नहीं होने का खामियाजा अब लोगों को भुगतना पड़ रहा है।वहीं, गरियाबंद जिले की छुरा और फिंगेश्वर तहसील में लगातार हो रही बारिश से कई गांवों में जलभराव की स्थिति बन गई है। कई घरों में बारिश का पानी घुस चुका है और सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है, जबकि लगातार बारिश के कारण स्थिति और गंभीर होने की आशंका बनी हुई है।
