85 प्रतिशत दिव्यांग डोमन लाल को मिली मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, आवागमन हुआ आसान

गरियाबंद – समाज कल्याण विभाग की सहायक उपकरण प्रदाय योजना के तहत विकासखंड छुरा के ग्राम कनेसर निवासी दिव्यांग  डोमन लाल देवांगन को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल प्रदान की गई।  डोमन लाल देवांगन 85 प्रतिशत अस्थिबाधित है। कलेक्ट्रेट परिसर में कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने उन्हें मोटराइज्ड ट्राई सायकल प्रदान कर उनके सरल आवागमन के लिए सहायता प्रदान की।  डोमन लाल ने समाज कल्याण विभाग में मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल के लिए आवेदन किया था। शासन के नियमानुसार पात्रता की जांच एवं आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा उन्हें शीघ्र ही योजना का लाभ दिलाया गया। मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल प्राप्त करने के बाद डोमन लाल ने छत्तीसगढ़ शासन, जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें घर से दुकान आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। इस सुविधा से उनका आवागमन सुगम हो गया है और वे पहले की अपेक्षा अधिक आत्मनिर्भर महसूस कर रहे हैं। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के उप संचालक श्री डीपी ठाकुर सहित लाभार्थी के परिजन उपस्थित थे।