सांसद एवं विधायक ने शाला प्रवेशोत्सव में नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर किया स्वागत
सांसद एवं विधायक ने कक्षा 9वीं की छात्राओं को साइकिल, विद्यार्थियों को गणवेश व पाठ्य पुस्तकों का किया वितरण
गरियाबंद – जिले के मैनपुर विकासखण्ड के शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल मैनपुर में नवीन शिक्षा सत्र पर जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी एवं बिन्द्रानवागढ़ विधायक जनक राम धु्रव ने नवप्रवेशी बच्चों को तिलक लगाकर तथा मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया। अतिथियों ने बच्चों को नए सत्र के पुस्तकों का वितरण किया तथा सरस्वती साइकिल योजना के तहत कक्षा 9वीं में प्रवेश लेने वाली छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं। कार्यक्रम के दौरान सांसद श्रीमती चौधरी मंच से उतरकर छात्राओं के बीच जमीन पर बैठीं, उनसे संवाद किया, अपने स्कूली दिनों की यादें साझा कीं और बच्चों के साथ सेल्फी लेकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है और शासन विभिन्न योजनाओं के माध्यम से शिक्षा का स्तर बढ़ाने एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने पालकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों की शिक्षा में कोई कमी न आने दें, क्योंकि शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगिण विकास के लिए शिक्षा ही पहली सीढ़ी होती है। उन्होंने शासन द्वारा शाला प्रवेश उत्सव के माध्यम से योग्य बच्चों का प्रवेश सुनिश्चित करने को कहा। बच्चे ही भविष्य के नागरिक है इसलिए बच्चों को स्कूल भेजना हम सबकी जिम्मेदारी हैं, शिक्षा केवल डिग्री लेने के लिए नहीं है। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षित एवं संस्कारवान बनाकर सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बच्चे शिक्षा से वंचित न रहें। हमारी सरकार शिक्षा के जरिए पूरे समाज को एक साथ जोड़कर उनके लिए विकास का मार्ग प्रशस्त कर रही है। शिक्षा और संस्कार दोनों आवश्यक है।शाला प्रवेश उत्सव के कार्यक्रम में बिन्द्रानवागढ़ विधायक जनक धु्रव ने कहा कि प्रवेश उत्सव के माध्यम से यह सुनिश्चित करना है, कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। हर बच्चा स्कूल जाए, यह सर्वाेच्च प्राथमिकता में है। समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी से ही हम शिक्षित व आत्मनिर्भर बने। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही भविष्य की नींव है। स्कूल प्रारंभिक जीवन की दिशा तय करता है। उन्होंने सभी पालकों से आग्रह करते हुए कहा कि अपने बच्चों को नियमित स्कूल भेजें।इस अवसर पर कलेक्टर श्री बीएस उइके ने कहा कि शाला प्रवेशोत्सव के अवसर पर कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आने और पूरी लगन के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की शिक्षा के प्रति सजग रहने और उन्हें निरंतर विद्यालय भेजने की अपील की। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा नवप्रवेशी बच्चों को गणवेश, पाठ्यपुस्तक एवं सरस्वती साइकिल योजना अंतर्गत कक्षा 9वीं के 05 बालिकाओं को साइकिल वितरण किया गया। इस दौरान बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती लालिमा ठाकुर, वरिष्ठ नागरिक गोवर्धन मांझी, अनिल चंद्राकर, कलेक्टर श्री बी.एस. उइके, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर, ग्राम पंचायत मैनपुर की सरंपच श्रीमती हनिता नायक सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे एवं पालकगण उपस्थित रहे।
