गरियाबंद – कलेक्टर श्री बीएस उइके के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक पाण्डेय के मार्गदर्शन तथा जिला मिशन समन्वयक सुश्री मनीषा वर्मा के नेतृत्व में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत सेक्टर आमदी के आंगनबाड़ी केंद्र बेन्दकुरा एवं सेक्टर तरीघाट में किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार के लिए एनीमिया परीक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान किशोरी बालिकाओं का हीमोग्लोबिन परीक्षण कर स्वास्थ्य जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से विशेषज्ञों ने बालिकाओं को एनीमिया के कारण, लक्षण, बचाव के उपाय तथा संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही आयरन युक्त खाद्य पदार्थों के नियमित सेवन, आयरन-फोलिक एसिड (आईएफए) की गोलियों के उपयोग तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम में गंभीर एनीमिया से प्रभावित बालिकाओं की पहचान कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार के लिए चिन्हित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए जिले में नियमित रूप से विभिन्न जागरूकता एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षकगण एवं किशोरी बालिकाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। स्वस्थ किशोरी, सशक्त बेटी और समृद्ध राष्ट्र की भावना के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन संपन्न हुआ।
