एनएमडीसी किरंदुल के खिलाफ ब्लॉक कांग्रेस किरंदुल का उग्र प्रदर्शन

( धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में पूर्व विधायक देवती कर्मा भी हुई शामिल)

किरंदुल: एनएमडीसी किरंदुल परियोजना से जुड़े स्थानीय मुद्दों एवं जनहित की मांगों को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी किरंदुल द्वारा बुधवार को एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं से संबंधित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एनएमडीसी किरंदुल प्रबंधन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन करते हुए चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नगर के बस स्टैंड में धरना-प्रदर्शन शुरू किया गया। इसके पश्चात सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बस स्टैंड से रैली की शक्ल में नारेबाजी करते हुए एनएमडीसी परियोजना के चेक पोस्ट पहुंचे। यहां धरना देते हुए कार्यकर्ताओं ने एनएमडीसी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विभिन्न लंबित मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग उठाई।
कार्यक्रम में पूर्व दंतेवाड़ा विधायक देवती कर्मा, नगर पालिका उपाध्यक्ष बबलू सिद्दीकी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मृणाल राय, किरंदुल ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र मृणाल राय, पूर्व सांसद प्रतिनिधि आर राजू, राहुल महाजन, विप्लव मल्लिक, अमृत टंडन, शेख आजाद, रामकुमार, शंकर कुंजाम, नंदा कुंजाम, सुजीत कर्मा, रवीश सुराना, आसिफ सिद्दीकी, बबलू तिवारी, कमलेश वर्मा, सरिता, बबीता, भाग्यों, गुलापा साहू, दुर्गा राव, सरिता व्यापारी, काजल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पूर्व विधायक देवती कर्मा ने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान की मांग कर रही है, लेकिन एनएमडीसी प्रबंधन द्वारा इन मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने प्रबंधन से 10 सूत्रीय मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि यदि जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो कांग्रेस पार्टी व्यापक एवं उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन क्षेत्र के युवाओं, कर्मचारियों तथा आम नागरिकों के हितों से जुड़ा हुआ है और मांगों के पूरा होने तक संघर्ष जारी रखा जाएगा।