कलेक्टर श्री बीएस उइके ने विभागीय अधिकारियों की ली समय-सीमा बैठक

स्कूलों, छात्रावासों, खाद वितरण, राजस्व प्रकरणों और जनशिकायतों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों को 10 जून तक करें निराकरण

गरियाबंद – कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में जिले के सभी विभागीय अधिकारियों की समीक्षा करते हुए विभिन्न योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में कलेक्टर ने खरीफ सीजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज उपलब्ध कराएं जाएं। कृषि विभाग के उप संचालक ने बताया कि जिले में लगभग 20 हजार टन उर्वरक प्राप्त हो चुका है, जिसका वितरण किसानों को नियमित रूप से किया जा रहा है। कलेक्टर ने प्रतिदिन खाद और बीज के उठाव एवं उपलब्ध स्टॉक की जानकारी जिला कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से संबंधित बारदानों के बारे में जानकारी लेते हुए कहा कि खाली बारदानों की एंट्री करें। कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों को 10 जून तक गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने नए शिक्षा सत्र के प्रारंभ होने के पूर्व जिले के सभी स्कूल, छात्रावासों एवं आश्रमों की साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, पंखे, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की तत्काल जांच कर आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से किसी प्रकार की लापरववाही नहीं होना चाहिए तथा परिसर में ऐसी कोई स्थिति न बने जिससे बीमारियां फैलने की आशंका हो। उन्होंने विद्यार्थियों के आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा अपार आईडी निर्माण की प्रगति की भी जानकारी ली। कलेक्टर ने राजस्व विभाग को विशेष शिविर आयोजित कर विद्यार्थियों के प्रमाण पत्र समय पर जारी करने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें शैक्षणिक गतिविधियों में किसी प्रकार की परेशानी न हो।कलेक्टर ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को लंबित सीमांकन प्रकरणों का निराकरण बारिश के पूर्व 15 जून तक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसडीएम स्तर पर विशेष टीमों का गठन कर लंबित प्रकरणों का शीघ्र समाधान किया जाए। साथ ही शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने तथा अवैध निर्माण कार्य पर रोक लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जनदर्शन, जनशिकायत, सीपीग्राम तथा समय-सीमा से संबंधित लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान करें।श्री उइके ने बैठक में अवैध रेत भंडारण एवं परिवहन पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करें एवं नियमित निगरानी रखें। उन्होंने जिले के सभी अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालय परिसर में सोख्ता गड्ढों का निर्माण कर उनकी जियो-टैगिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के समय बनाएं गए सोख्ता गड्ढा वाटर रिचार्ज करने का काम आएगा। कलेक्टर ने पीएम सूर्य घर योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ श्री प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री पंकज डाहिरे, श्रीमती ऋषा ठाकुर सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।