कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने दी बधाई
महासमुंद – आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग महासमुंद द्वारा संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की होनहार छात्रा पुष्पलता दिवान ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। शासकीय मेडिकल कॉलेज में प्रवेश पाकर जिले का नाम रोशन करने वाली इस छात्रा को आज भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं जनजातीय आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी द्वारा सम्मानित किया गया। छात्रा की इस सफलता पर कैबिनेट मंत्री श्री रामविचार नेताम ने बधाई दी है। रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि वोरा, विभाग के आयुक्त वेंकट, और आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र की संचालक हिना नेताम सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी छात्रा को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।छात्रा की इस सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के प्राचार्य महेंद्र टंडन ने बताया कि पुष्पलता दिवान शुरू से ही एक अत्यंत होनहार और अनुशासित छात्रा रही हैं। उन्होंने कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में भी विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। प्राचार्य ने कहा कि पुष्पलता अपने लक्ष्य को लेकर हमेशा सजग और प्रेरित थीं, और अपनी कड़ी मेहनत के दम पर ही आज उन्होंने मेडिकल कॉलेज में अपना चयन सुनिश्चित कराया है। यह पहला मौका नहीं है जब पुष्पलता की इस प्रतिभा को सराहा गया है। इससे पूर्व कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह और आदिवासी विकास विभाग की सहायक आयुक्त शिल्पा साय द्वारा भी छात्रा को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जिला स्तर पर सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया जा चुका है।
पुष्पलता ने विभाग की योजना और शिक्षकों को दिया श्रेय
अपनी इस सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए डॉक्टर बनने जा रही छात्रा पुष्पलता दिवान ने इसका पूरा श्रेय अपने माता-पिता, विद्यालय परिवार (शिक्षकों) और आदिम जाति विकास विभाग को दिया है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा संचालित एकलव्य विद्यालय की इस योजना और वहां मिलने वाली सुविधाओं के कारण ही आज वह अपने इस बड़े सपने को साकार करने और इस मुकाम तक पहुँचने में सफल हो पाई हैं।
