एनएमडीसी किरंदुल ने किया नवीन साहू समाज भवन का लोकार्पण – कल उपमुख्यमंत्री भी करेंगे उस भवन का लोकार्पण 

( एक भवन का लोकार्पण दो बार लोगों में चर्चा का विषय )

किरंदुल – एनएमडीसी प्रबंधन किरंदुल के सहयोग से नवनिर्मित साहू समाज भवन का भव्य एवं गरिमामय लोकार्पण समारोह शनिवार को संपन्न हुआ। इस अवसर पर एनएमडीसी परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक रविंद्र नारायण ने भवन का विधिवत उद्घाटन एवं लोकार्पण किया। कर्माधाम प्रांगण में आयोजित समारोह का शुभारंभ संत शिरोमणि भक्त माता कर्मा जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण, पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। उपस्थित अतिथियों एवं वक्ताओं ने भक्त माता कर्मा जी के महान व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने सेवा, समर्पण, परिश्रम, सरलता एवं मानवता के आदर्शों से समाज को नई दिशा प्रदान की। माता कर्मा जी केवल साहू समाज ही नहीं, बल्कि संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणा, श्रद्धा और आदर्श की प्रतीक हैं। उनके जीवन से कर्म, सद्भाव, सामाजिक एकता एवं जनसेवा का संदेश प्राप्त होता है।

इस अवसर पर मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) के सचिव ए. के. सिंह ने अपने संबोधन में एनएमडीसी प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि एनएमडीसी केवल औद्योगिक विकास ही नहीं, बल्कि सामाजिक एवं सामुदायिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज भवन का निर्माण संस्था की जनहितकारी सोच और सामाजिक दायित्वों के प्रति प्रतिबद्धता का परिचायक है। साथ ही उन्होंने समाज के सभी लोगों से एकजुट होकर सामाजिक उत्थान, शिक्षा एवं संस्कारों को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि रविंद्र नारायण ने कहा कि एनएमडीसी सदैव स्थानीय समुदायों के विकास एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों को प्राथमिकता देता रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह भवन सामाजिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा तथा समाज के लोगों को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य करेगा। के. पी. सिंह मुख्य महाप्रबंधक उत्पादन ने एनएमडीसी की जनहितकारी पहलों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्य क्षेत्रीय विकास को नई दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने समाज में आपसी सहयोग, संगठन एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन पर बल दिया। एसकेएमएस अध्यक्ष देवरालू ने समाज की एकता एवं सामूहिक प्रयासों को विकास की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए सभी को मिल-जुलकर समाजहित में कार्य करने का संदेश दिया। वहीं के. एल. नागवेणी ने शिक्षा, संस्कार एवं महिला सहभागिता को समाज की प्रगति का आधार बताते हुए नई पीढ़ी को सामाजिक मूल्यों से जोड़ने का आह्वान किया।

वक्ताओं ने साहू समाज के उन वरिष्ठजनों एवं समाजसेवियों को भी स्मरण किया जिनके त्याग, संघर्ष, दूरदर्शिता एवं संगठनात्मक प्रयासों से समाज निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि यह भवन समाज के वरिष्ठ जनों के त्याग तपस्या तथा मेहनत का परिणाम है। समारोह के दौरान समाज के पदाधिकारियों एवं उपस्थित जनसमुदाय ने एनएमडीसी प्रबंधन के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था के सहयोग से समाज की लंबे समय से चली आ रही भवन की आवश्यकता पूर्ण हो सकी है। समाजजनों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह भवन सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं सामुदायिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनकर समाज की प्रगति और एकता को नई मजबूती प्रदान करेगा। लोकार्पण समारोह में बड़ी संख्या में समाजजन, गणमान्य नागरिक, महिला-पुरुष एवं युवा उपस्थित रहे। समारोह के सफल आयोजन पर समाजजनों में विशेष उत्साह एवं हर्ष का वातावरण देखने को मिला। उल्लेखनीय हैं कि एनएमडीसी किरंदुल परियोजना द्वारा निर्मित जिस नवीन साहू समाज के भवन का लोकार्पण एनएमडीसी किरंदुल परियोजना के प्रमुख ने शनिवार को किया है उस ही नवीन साहू समाज के भवन का लोकार्पण रविवार को छत्तीसगढ़ राज्य के उपमुख्यमंत्री अरुण साव करेंगे ।