शिक्षक राजू पुजारी आत्महत्या मामला: फरार आरोपियों की तलाश तेज, पुलिस ने घोषित किया ₹10 हजार का इनाम

बीजापुर – चर्चित शिक्षक राजू पुजारी आत्महत्या प्रकरण में बीजापुर पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार जुटी हुई है। मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब फरार चल रहे दो आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना पर ₹10 हजार का इनाम घोषित किया गया है।पुलिस जांच के अनुसार मृतक शिक्षक राजू पुजारी के पास से मिले सुसाइड नोट में कुछ लोगों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया गया था। जांच के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है, जबकि सब इंजीनियर शैलेष वासम और समग्र शिक्षा विभाग के सहायक परियोजना समन्वयक छवितश डोंगरे अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।

फरार आरोपी शैलेष वासम के खिलाफ कोतवाली थाना बीजापुर ने नोटिस जारी कर निर्धारित अवधि के भीतर थाने में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि उपस्थित नहीं होने पर कानूनी कार्रवाई के तहत संपत्ति कुर्की की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और संभावित ठिकानों पर तलाश जारी है। वहीं पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए आरोपियों के संबंध में पुख्ता सूचना देने वाले व्यक्ति को ₹10 हजार का नकद इनाम देने तथा उसकी पहचान गोपनीय रखने की बात कही है।