वैश्विक संकट के बीच किसानों को समय पर खाद उपलब्ध किसान ओंकार साहू ने जताया आभार

गरियाबंद – वैश्विक स्तर पर उर्वरकों की आपूर्ति और कीमतों को लेकर उत्पन्न चुनौतियों के बावजूद राज्य सरकार द्वारा किसानों को खेती के लिए आवश्यक खाद समय पर उपलब्ध कराने के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में विकासखंड फिंगेश्वर के ग्राम कोसमखुटा निवासी किसान श्री ओंकार साहू ने खरीफ सीजन की तैयारी शुरू करते हुए प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित लचकेरा से शासन द्वारा निर्धारित व्यवस्था के तहत उर्वरकों का वितरण प्राप्त किया।करीब 4.5 एकड़ कृषि भूमि में धान की खेती करने वाले श्री साहू ने बताया कि उन्होंने समिति में खाद हेतु परमिट कटवाया, जिसके बाद उन्हें शासन के नियमानुसार उर्वरकों का वितरण किया गया। उन्हें तत्काल रूप से 3 बोरी डीएपी, 4 बोरी एसएसपी तथा 1 बोरी पोटाश उपलब्ध कराया गया। वहीं 7 बोरी यूरिया दो चरणों में प्रदान की जाएगी, जिसमें पहली किश्त में 4 बोरी तथा फसल की आवश्यकता के अनुसार लगभग 20 दिन बाद दूसरी किश्त में 3 बोरी यूरिया दी जाएगी।  ओंकार साहू ने कहा कि खेती के महत्वपूर्ण समय में खाद की उपलब्धता किसानों के लिए सबसे बड़ी आवश्यकता होती है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति लचकेरा के प्रतिनिधि ने बताया कि किसानों को पारंपरिक उर्वरकों के साथ-साथ नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया भी वैकल्पिक रूप से उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने का अवसर मिल रहा है तथा उर्वरकों के संतुलित उपयोग को भी बढ़ावा मिल रहा है।