मद्देड़ तालाब का जीर्णाेद्धार से बदलेगी किसानों की तस्वीर

530 हेक्टेयर भूमि होगी सिंचित, 299 किसानों को मिलेगा सीधा लाभ

बीजापुर – जल संसाधन विभाग बीजापुर द्वारा विकासखण्ड भोपालपटनम अंतर्गत मद्देड़ तालाब के जीर्णाेद्धार कार्य पूर्ण किया जा रहा है। लगभग 370.55 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत यह कार्य 23 दिसम्बर 2024 से प्रारंभ हुआ था, जिसमें अब तक 71 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है।इस महत्वाकांक्षी योजना के पूर्ण होने के बाद ग्राम तमलापल्ली, मद्देड़, संगमपल्ली एवं बारेगुड़ा के लगभग 299 कृषकों को सीधा लाभ मिलेगा। तालाब के जिर्णाेद्धार से 530 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे किसानों की खेती अधिक सशक्त और उत्पादक बनेगी।मद्देड़ तालाब केवल सिंचाई का माध्यम नहीं बनेगा, बल्कि जल संवर्धन और निस्तारी जैसी मूलभूत सुविधाओं को भी मजबूत करेगा। इससे ग्रामीणों को वर्षभर जल उपलब्धता सुनिश्चित होगी तथा कृषि आधारित आजीविका को नई मजबूती मिलेगी। क्षेत्र के किसानों में योजना को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। ग्रामीणों का मानना है कि तालाब के पुनर्जीवन से खेती में सुधार होगा और आने वाले समय में उत्पादन एवं आय दोनों में वृद्धि होगी। यह योजना क्षेत्र में जल संरक्षण और ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।