देवभोग पुलिस की बड़ी एयरस्ट्राइक: 156 किलो गांजे के साथ भोपाल के 5 तस्कर गिरफ्तार

उड़ीसा से छत्तीसगढ़ लाई जा रही थी बड़ी खेप, पुलिस को देख पेड़ से टकराई तस्करों की स्विफ्ट डिजायर कार

गरियाबंद – जिले से इस वक्त की एक बड़ी सनसनीखेज खबर सामने आ रही है, जहाँ देवभोग थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने घेराबंदी कर करीब 156 किलो गांजा ज़ब्त करने में सफलता हासिल की है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस ने मध्य प्रदेश के भोपाल निवासी 5 अंतर्राज्यीय आरोपियों को दबोचा है, जबकि दो लग्जरी चारपहिया वाहन भी ज़ब्त किए गए हैं। बरामद मादक पदार्थ और वाहनों की कुल बाज़ार कीमत ₹86,53,000 आंकी गई है।

*मुखबिर की सटीक सूचना पर बिछाया गया जाल*

पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, गरियाबंद पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि उड़ीसा के रास्ते भारी मात्रा में गांजे की एक बड़ी खेप चारपहिया वाहनों के जरिए छत्तीसगढ़ में खपाने के लिए लाई जा रही है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए देवभोग थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए अलग-अलग रणनीतिक स्थानों पर नाकेबंदी कर सघन जांच अभियान शुरू किया।

*कार्रवाई नंबर 01: पुलिस को देख भागे तस्कर, पेड़ से टकराई कार*

जांच के दौरान जब पुलिस टीम ने ग्राम मुरलीगुड़ा डोंगरीपारा मार्ग पर एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार को रोकने का इशारा किया, तो उसमें सवार तस्करों के होश उड़ गए। पुलिस को सामने देख आरोपियों ने भागने के चक्कर में कार की रफ्तार बढ़ा दी।

*तेज रफ्तार का कहर:* भागने की आपाधापी में अनियंत्रित होकर तस्करों की तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क किनारे एक नीम के पेड़ से जा टकराई। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर घेराबंदी कर वाहन में सवार आरोपियों को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर कार के भीतर से तीन प्लास्टिक बोरियों में भरा 80 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग ₹40 लाख है।

*कार्रवाई नंबर 02: पुलिया के पास घेराबंदी, एस-क्रॉस से 76 किलो गांजा ज़ब्त*

इसी सिलसिले में मुस्तैद पुलिस टीम ने दूसरी समानांतर कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने एक पुलिया के पास घेराबंदी कर संदिग्ध मारुति सुसुकी एस-क्रॉस वाहन को रोका।वाहन की डिक्की और सीटों की बारीकी से जांच करने पर पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी। गाड़ी के अंदर छिपाकर रखी गई चार प्लास्टिक बोरियों से 76 किलो 60 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इस खेप की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब ₹38 लाख बताई जा रही है।

*भोपाल के हैं सभी आरोपी, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज*

पकड़े गए सभी आरोपी मध्य प्रदेश के राजधानी जिले भोपाल के निवासी बताए जा रहे हैं, जो एक संगठित गिरोह के रूप में इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे थे। मामले में पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) को भी हिरासत में लिया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

*अवैध कारोबार के खिलाफ जंग जारी रहेगी*

गरियाबंद जिले में मादक पदार्थों के अवैध नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करना हमारी प्राथमिकता है। यह कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा है। फिलहाल आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि गांजे की यह खेप उड़ीसा में कहाँ से लोड की गई थी और छत्तीसगढ़ या मध्य प्रदेश में इसे किस मुख्य सरगना को सप्लाई किया जाना था।