फिंगेश्वर :- फिंगेश्वर क्षेत्र में एक बार फिर जंगल से शव मिलने की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। कुछ दिन पहले बासीन जंगल में पाण्डुका थाना क्षेत्र के नागझर निवासी युवक का शव बरामद हुआ था, जिसके पास से जहर का डिब्बा भी मिला था। वहीं अब गुरुवार 22 मई की सुबह फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के खुड़सा गांव से लगे टेवारी जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति का नग्न अवस्था में शव मिलने से ग्रामीणों में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार सुबह जंगल की ओर गए ग्रामीणों ने शव को देखा और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही फिंगेश्वर थाना प्रभारी चिंतामणि देशमुख पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की गई। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में मृतक मानसिक रूप से विक्षिप्त प्रतीत हो रहा है।
पुलिस का कहना है कि शव लगभग तीन दिन पुराना लग रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक मृतक को तीन दिन पहले टेवारी मंदिर के पास बैठे हुए देखा गया था। ग्रामीणों ने बताया कि वह काफी कमजोर और असहाय स्थिति में दिखाई दे रहा था। आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत भूख-प्यास, बीमारी या अत्यधिक कमजोरी के कारण हुई हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पहचान करने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। आसपास के गांवों में पूछताछ की जा रही है तथा गुम इंसानों की जानकारी भी खंगाली जा रही है। लगातार जंगलों से शव मिलने की घटनाओं ने क्षेत्र में लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
