बाराडोली पंचायत चुनाव में पुनर्गणना के बाद भी कैलाश साहू की जीत बरकरार, बोले- “सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं”

महासमुंद – सरायपाली विकास खण्ड के ग्राम पंचायत बाराडोली के पंचायत चुनाव में मतदान केंद्र क्रमांक 32, 33 एवं 34 की कराई गई पुनर्गणना के बाद भी सरपंच पद पर कैलाश साहू की जीत बरकरार रही। पुनर्गणना की प्रक्रिया एसडीएम कार्यालय सरायपाली में न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी (रा.) एवं विहित प्राधिकारी (पंचायत) की उपस्थिति में संपन्न हुई।चुनाव परिणाम को लेकर दर्ज आपत्ति के बाद संबंधित मतदान केंद्रों के मतों की दोबारा गिनती कराई गई थी। पुनर्गणना पूरी होने के बाद भी परिणाम में कोई बदलाव नहीं हुआ और कैलाश साहू को विजयी घोषित किया गया।जीत बरकरार रहने के बाद कैलाश साहू ने कहा कि “सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं।” उन्होंने अपने समर्थकों एवं ग्रामवासियों का आभार जताते हुए इसे जनता के विश्वास की जीत बताया।पुनर्गणना के बाद पंचायत क्षेत्र में दिनभर राजनीतिक चर्चाओं का माहौल बना रहा। समर्थकों ने कैलाश साहू की जीत पर खुशी जताई और एक-दूसरे को बधाई दी।