युवा पत्रकार रघु राव को मिला सम्मान – पत्रकारिता को देगा नया आयाम — डॉ राजेन्द्र सक्सेना

( राष्ट्रीय समाज सेवा पुरुस्कार से नवाजे गए हैं रघु ) 

( पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मिला सम्मान )

किरंदुल – छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से एक गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। जनहित और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले युवा पत्रकार के. रघु राव को प्रतिष्ठित राष्ट्रीय समाज सेवा पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह राष्ट्रीय रत्न सम्मान 2026 जो जीवरन फाउंडेशन द्वारा पत्रकारिता, जन-जागरूकता और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।

फाउंडेशन द्वारा जारी प्रशस्ति-पत्र में कहा गया है कि नक्सल प्रभावित जिला दंतेवाड़ा और दुर्गम बस्तर क्षेत्र में पत्रकारिता करना अत्यंत चुनौतीपूर्ण कार्य है। इसके बावजूद के. रघु राव ने सच्चाई, निर्भीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ पत्रकारिता के मूल्यों को जीवित रखा है। संस्था ने यह भी बताया कि उन्होंने आदिवासी समाज, ग्रामीण जनता और हाशिए पर खड़े लोगों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तथा मुख्यधारा तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी पत्रकारिता को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी बताया गया है।

गौरतलब है कि यह राष्ट्रीय सम्मान 15 मई 2026 को जारी किया गया। के. रघु राव ने डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने बस्तर चौपाल नामक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म की स्थापना की, जो आज दंतेवाड़ा व बस्तर संभाग की संस्कृति, लोककला, आदिवासी जीवन और सकारात्मक बदलावों को देश-दुनिया तक पहुँचा रहा है।

बस्तर चौपाल के माध्यम से दंतेवाड़ा व बस्तर के पर्यटन स्थलों, लोकगीतों, संस्कृतिक धरोहर, युवाओं की उपलब्धियों और सामाजिक मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाया गया है, जिससे क्षेत्र की सकारात्मक छवि को मजबूती मिली है।

इसके अलावा, के. रघु राव पत्रकारों के हितों के लिए भी लगातार सक्रिय रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि पर बैलाडीला प्रेस क्लब के अध्यक्ष और छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के सदस्य डॉ राजेन्द्र सक्सेना ने बधाई देते हुए कहा कि युवा पत्रकार को पत्रकारिता के क्षेत्र में मिला सम्मान कहीं न कहीं दंतेवाड़ा जिले की पत्रकारिता को नया आयाम देगा ।