सुशासन तिहार में जनता की समस्याओं का हो त्वरित समाधान -कलेक्टर श्री विश्वदीप

पहली समय-सीमा बैठक में विकास कार्यों की गहन समीक्षा, अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, योजनाओं के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन और समय पालन पर विशेष जोर

बीजापुर – कलेक्टर  विश्वदीप ने पदभार ग्रहण करने के बाद पहली साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में जिले में संचालित विकास कार्यों एवं शासन की प्राथमिक योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य शासन द्वारा संचालित सुशासन तिहार आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण का महत्वपूर्ण अभियान है, इसलिए जनसमस्या निवारण शिविरों में प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि शिविरों में अधिक से अधिक हितग्राहियों के आवेदन प्राप्त किए जाएं तथा उनके निराकरण की जानकारी संबंधित आवेदकों तक अनिवार्य रूप से पहुंचाई जाए ताकि शासन की योजनाओं और प्रशासनिक कार्यप्रणाली के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत हो।

‘‘बस्तर मुन्ने‘‘ अभियान में शत-प्रतिशत सैचुरेशन के निर्देश- बैठक में कलेक्टर श्री विश्वदीप ने ‘‘बस्तर मुन्ने‘‘ अभियान की समीक्षा करते हुए पात्र ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने हेतु शत-प्रतिशत सैचुरेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता– कलेक्टर ने पीएमजीएसवाई, लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सहित विभिन्न निर्माण एजेंसियों को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी निर्माण कार्यों की सतत मॉनिटरिंग की जाए तथा समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण किए जाएं।

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश– बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक हितग्राही इसका लाभ ले सकें। उन्होंने पात्र परिवारों का चिन्हांकन कर उन्हें योजना से जोड़ने पर विशेष जोर दिया।

समयपालन और अनुशासन पर सख्त निर्देश- कलेक्टर श्री विश्वदीप ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को समय पर कार्यालय पहुंचने तथा बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रशासनिक कार्यों में अनुशासन और जवाबदेही अनिवार्य है।

जल जीवन मिशन, आवास योजना और पुनर्वास कार्यों की भी समीक्षा- बैठक में जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं नगरीय, नक्सल पीड़ित परिवारों के पुनर्वास, पुनर्वासित परिवारों के शत-प्रतिशत सैचुरेशन तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। साथ ही रक्तदान शिविर आयोजन कर अधिकारियों की सहभागिता सुनिश्चित हो रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं भ्रांतियों को दूर करने एवं सभी अधिकारियों को रेडक्रॉस की सदस्यता लेने को भी कहा गया।

बैठक में डीएफओ  रमेश जांगड़े, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नम्रता चौबे, अपर कलेक्टर  भूपेन्द्र अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर  जागेश्वर कौशल सहित जिला स्तरीय अधिकारी, एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ एवं नगरीय निकायों के सीएमओ उपस्थित रहे।