400 से अधिक आवेदन प्राप्त, अनेक प्रकरणों का मौके पर हुआ निराकरण
शहीद भीष्म कुमार यदु को किया गया नमन, हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया
गरियाबंद – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेशभर में सुशासन तिहार 2026 का आयोजन 1 मई से लगातार किया जा रहा है। इसी क्रम में गरियाबंद जिले के देवभोग विकासखंड मुख्यालय अंतर्गत ग्राम माडागांव में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण एवं समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित होकर अपनी समस्याएं, मांग एवं शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं। शिविर में आवास मांग, राशन कार्ड, श्रम कार्ड नवीनीकरण, आधार कार्ड सुधार, नाली निर्माण, सड़क निर्माण, पुलिया निर्माण, नल कनेक्शन तथा राजस्व प्रकरणों सहित विभिन्न विभागों से संबंधित 400 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से अनेक प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा शेष प्रकरणों के त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में ग्राम के अमर शहीद भीष्म कुमार यदु के पिता नंदोलाल यदु का जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर नक्सल ऑपरेशन में वीरगति प्राप्त शहीद भीष्म कुमार यदु की वीरता एवं बलिदान को स्मरण करते हुए उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया। मछली पालन विभाग द्वारा जय मां लक्ष्मी स्व सहायता समूह माडागांव एवं युवा मछुआ सहकारी समिति देवभोग के हितग्राहियों को जाल एवं आइस बॉक्स का वितरण किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा दिवानमुंडा के 70 वर्षीय पोड़ूराम को ट्राइसाइकिल तथा 19 वर्षीय दिव्यांग पूजा मरकाम को व्हीलचेयर प्रदान की गई।
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। सेजेस स्कूल झाखरपारा की छात्रा कुमारी कमला मरकाम को कक्षा 10वीं में 92 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। वहीं शासकीय प्राथमिक शाला कोड़ोबेड़ा के छात्र देव आशीष पात्रा के पाण्डुका स्थित नवोदय विद्यालय में चयन होने पर प्रशंसा की गई। शहीद भीष्म कुमार यदु शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय माडागांव के प्राचार्य श्री मन्नूराम सांडिल्य को विद्यालय का 10वीं एवं 12वीं का शत-प्रतिशत परिणाम तथा सभी विद्यार्थियों के प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होने पर सम्मानित किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कर उन्हें आकर्षक उपहार एवं पौष्टिक आहार सामग्री प्रदान की गई। साथ ही एक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया। यह समाधान शिविर शहीद भीष्म कुमार यदु हाई स्कूल माडागांव परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के 18 गांवों के ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरा अपर कलेक्टर श्री पंकज डाहीरे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
