इनोवेशन महाकुंभ बस्तर 1.0 में प्रकृति शिक्षण विज्ञान यात्रा की टीम शामिल हुए

फिंगेश्वर :–शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय जगदलपुर में दो दिवसीय इनोवेशन महाकुंभ बस्तर 1.0 का आयोजन महामहिम राज्यपाल रमेन डेका एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की आतिथ्य में सम्पन्न हुआ.इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि बस्तर की पवित्र धरती प्राकृतिक संसाधनों, समृद्ध आदिवासी कला,संस्कृति और पर्यटन की अपार संभावनाओं से भरपूर है. उन्होंने आगे कहा कि इन संसाधनों को नवाचार और उद्यमिता के साथ जोड़कर क्षेत्र को वैश्विक पहचान दिलाई जा सकती है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में प्रतिभा और संभावनाओं की कोई कमी नहीं है,जरूरत केवल सही मंच, मार्गदर्शन और अवसर की है. उन्होंने आगे कहा कि इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को नवाचार एवं उद्यमिता के लिए एक मजबूत प्लेटफार्म मिल रहा है. बस्तर में आदिवासी कला,लघु वनोपज जैविक कृषि, पर्यटन और हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों में अपार संभावनाएं है.इन्हें तकनीकी ब्रांडिंग और ई कॉमर्स से जोड़कर नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सकता है. इस मौके पर प्रकृति शिक्षण विज्ञान यात्रा की टीम ने स्वदेशी जागरण मंच के साथ मिलकर विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से सहयोग प्रदान किया.इस अवसर पर टीम के सदस्य विधु शेखर झा,मनीष कुमार अहीर,लखन लाल साहू, भुवनेश्वर मरकाम, बृजलाल मंडावी एवं पूरन लाल साहू सहित अन्य सहयोगियों ने इनोवेशन कार्यक्रम मे भाग लेते हुए बस्तर संभाग से आए छात्र-छात्राओं से संवाद कर पर्यावरण संरक्षण, सीड बॉल (बीज गोला) निर्माण तथा बस्तर के समृद्ध,प्राकृतिक परिवेश के महत्व के बारे में जानकारी प्रदान की .इनोवेशन कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के प्रति प्रेरित करना था.वहीं प्रकृति शिक्षण विज्ञान यात्रा की टीम ने इसमें प्रकृति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रसारित किया.