जिला पंचायत सामान्य सभा बहिष्कार पर विजय झाड़ी ने कहा : भाजपा संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान नहीं करती

“भाजपा विकास नहीं, भ्रष्टाचार चाहती है” — विजय झाड़ी

ईमानदार जिला पंचायत अधिकारी पर दबाव बनाने हुआ सामान्य सभा बहिष्कार का ड्रामा

छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस-जे. (जेसीसीजे) के बस्तर संभागीय उपाध्यक्ष विजय झाड़ी ने एक प्रेस बयान जारी कर बीजापुर जिला पंचायत में हाल ही में हुई सामान्य सभा की बैठक के बहिष्कार को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने इसे भाजपा की संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अनादर और विकास कार्यों से मुंह मोड़ने वाला निर्णय कहा है। विजय झाड़ी ने आगे कहा कि बीते दिनों जिला पंचायत की सामान्य सभा को भाजपा समर्थित जिला पंचायत अध्यक्ष और सदस्यों द्वारा जानबूझकर बहिष्कार किया गया। यह कदम लोकतांत्रिक प्रक्रिया का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि “सामान्य सभा वह महत्वपूर्ण सभा है, जहां क्षेत्र के विकास कार्यों, विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, जनसमस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा कर उन्हें अंतिम रूप दिया जाता है।”

विषय झाड़ी ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि सत्तापक्ष के सदस्य ही जिला पंचायत की सामान्य सभा का बहिष्कार करते हैं, तो यह साफ संकेत है कि भाजपा और उनके जनप्रतिनिधि क्षेत्र के विकास में कोई रुचि नहीं रखते हैं और न ही उन्हें संवैधानिक मूल्यों की समझ है। भाजपा के लोग विकास के नाम पर केवल भ्रष्टाचार करने में व्यस्त हैं।

उन्होंने यह भी कहा, “जिला पंचायत अध्यक्ष और सदस्यों को जनहित के मुद्दों से कोई सरोकार नहीं है। भाजपा के जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का एकमात्र मकसद अधिकारियों पर दबाव डालकर अनुचित लाभ उठाना और भ्रष्टाचार करना है। जब जिला पंचायत बीजापुर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ने इस मनमानी और दबाव को रोका, तो भाजपा सदस्यों ने सीधे सामान्य सभा की बैठक का ही बहिष्कार कर दिया।” जो कि संविधान और पंचायती राज व्यवस्था का सीधा अपमान है।