पालिका की कंजूसी -चौक चौराहे पर नहीं खोले प्याऊ घर – राहगीरों को नहीं मिल रहा घूंट भर पानी

किरंदुल – लोह नगरी किरंदुल में जहाँ एक तरफ भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है तो वहीं दूसरी तरफ हमेशा से विवादों के घेरे में रह कर प्रिंट मीडिया के साथ साथ इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की सुर्खियों में बनी रहने वाली छत्तीसगढ़ राज्य की सबसे अमीर नगर पालिका कही जाने वाली किरंदुल नगर पालिका परिषद की कंजूसी भी नगर में चर्चा का विषय बनी हुई है । उल्लेखनीय हैं कि हर साल स्टेट बैंक चौक ,फुटबॉल ग्राउंड ,बस स्टैंड ,मैन मार्केट के समीप के साथ साथ अन्य कई स्थानों और चौक चौराहे पर किरंदुल नगर पालिका परिषद के द्वारा भीषण गर्मी को देखते हुए अप्रैल माह की शुरुआत में ही प्याऊ घरों अस्थायी स्थापना कर दी जाती थी । जिससे आम नागरिकों के साथ साथ राहगीरों और साप्ताहिक बाजारों में दूरदराज से आने वाले व्यापारियों और ग्राहकों को पीने का पानी नसीब हो जाता था ।परंतु इस साल भीषण गर्मी का अप्रैल माह बीतने को हैं साथ ही गर्मी भी अपनी चरम सीमा पर अपना कहर बरपा रही है ।इसके बावजूद भी किरंदुल पालिका परिषद के द्वारा प्याऊ घरों के नहीं खोलने से राहगीरों को घूंट भर पानी भी नसीब नहीं हो पा रहा है ।