इंद्रावती टाइगर रिजर्व में ग्रामीणों ने सीखी पर्यटन से आजीविका बढ़ाने की तकनीक

बीजापुर – इंद्रावती टाइगर रिजर्व क्षेत्र में इको डेवलपमेंट समिति के सदस्यों के लिए आजीविका विकास को लेकर एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण 19 से 21 मार्च तक आयोजित हुआ, जिसमें ग्राम मट्टीमरका और नम्बी के ग्रामीणों ने भाग लिया।इस दौरान ग्रामीणों को इको-टूरिज्म के सफल मॉडलों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में बताया गया कि किस तरह पर्यटन के माध्यम से स्थानीय समुदाय अपनी आय बढ़ा सकते हैं। ग्रामीणों ने टेंट व्यवस्था, ट्रैकिंग, बर्ड वॉचिंग, जंगल सफारी और अन्य पर्यटन गतिविधियों का व्यावहारिक अध्ययन किया।

कार्यक्रम के दौरान होम स्टे संचालन, पर्यटकों के लिए भोजन और साफ-सफाई की व्यवस्था, गाइडिंग, जिप लाइन, कैम्पिंग और नेचर ट्रेल जैसी गतिविधियों की जानकारी भी दी गई।
इको डेवलपमेंट समिति के सदस्यों को यह भी सिखाया गया कि वे स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर बेहतर पर्यटन सुविधाएं विकसित करें और पर्यटकों को आकर्षित करें।
इस पहल से क्षेत्र के ग्रामीणों को रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।