बीजापुर – नक्सल प्रभावित और दूरस्थ क्षेत्रों में जनसंपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से सीआरपीएफ द्वारा गंगालूर स्थित 222 बटालियन में एक व्यापक सिविक एक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आईजी (सीजी) शालिन, आईपीएस के मार्गदर्शन एवं डीआईजी (ऑप्स) बी. एस. नेगी के निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में 13 आंतरिक गांवों के 600 से अधिक ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने सुरक्षा बलों और स्थानीय जनता के बीच बढ़ते विश्वास और मजबूत संबंधों को दर्शाया।
इस दौरान जरूरतमंद ग्रामीणों को दैनिक जीवन में उपयोगी सामग्री वितरित की गई, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार लाने का प्रयास किया गया। वितरण सामग्री में पानी के टैंक, सोलर लाइट, सोलर लालटेन, बर्तन, खाना बनाने के सामान, पुरुषों व महिलाओं के लिए कपड़े, चप्पल, कंबल एवं कृषि उपकरण शामिल रहे।
युवा वर्ग को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से फुटबॉल, वॉलीबॉल, वॉलीबॉल नेट और क्रिकेट किट भी वितरित किए गए, ताकि वे सकारात्मक गतिविधियों की ओर अग्रसर हो सकें।
कार्यक्रम के साथ ही एक नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में डॉ. अनंथा (एसएमओ) द्वारा ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें आवश्यक परामर्श और मुफ्त दवाइयां प्रदान की गईं। इससे दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को तत्काल स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकीं।
कार्यक्रम से लाभान्वित ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए सीआरपीएफ के इस प्रयास की सराहना की और आभार व्यक्त किया।
