नवागांव बुड़ेनी में मोती वस्त्रालय में हुई चोरी का खुलासा

साइबर टीम की मदद से अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश

मगरलोड – नवागांव स्थित मोती वस्त्रालय में हुई लाखों रुपये की चोरी का धमतरी पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस कार्रवाई में अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के तीन आरोपियों को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने चोरी गया सामान और वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन भी बरामद कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सोहन लाल पाल (65 वर्ष) निवासी ग्राम पटेवा ने 13 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनके कपड़ा दुकान का शटर उठाकर करीब 1 लाख 37 हजार रुपये मूल्य के कपड़े, साड़ियां, बैग एवं नगदी चोरी कर ली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और साइबर सेल की मदद से एक संदिग्ध महिंद्रा बोलेरो पिकअप (आरजे 20 जीसी 0653) की पहचान की। वाहन मालिक के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस कर पुलिस टीम को मध्यप्रदेश रवाना किया गया।

पुलिस टीम ने आष्टा (जिला सीहोर, म.प्र.) में घेराबंदी कर वाहन सहित तीन आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में विकम बागडी (20) निवासी कोटा, बबलु बागड़ी (20) एवं रोहित बागडी (19) निवासी जिला बारां (राजस्थान) शामिल हैं।

आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए कपड़ों से भरी 6 बोरी, घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन तथा शटर तोड़ने में इस्तेमाल लोहे का सब्बल और लकड़ी का कुंदा बरामद किया गया है। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि कुछ साड़ियां उन्होंने अपने परिचितों को बांट दी थीं।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले दुकान की रेकी की और रात में शटर उठाकर अंदर प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद वे सामान को बोरी में भरकर पिकअप वाहन से मध्यप्रदेश की ओर फरार हो गए।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।