सरपंच प्रतिनिधि पर मारपीट और धमकी देने का आरोप, दिव्यांग युवक ने थाना में की शिकायत

सक्ती – जैजैपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत काशीगढ़ के एक दिव्यांग युवक ने सरपंच प्रतिनिधि एवं अन्य लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाना प्रभारी को लिखित शिकायत दी है।प्रार्थी धनुपीर गोस्वामी ने आवेदन में बताया कि वह 80 प्रतिशत दिव्यांग है और शासन के वृक्षारोपण योजना के तहत पिछले 24 वर्षों से नियमानुसार पौधारोपण कर वहीं निवास कर रहा है।शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गांव की चरागाह भूमि से मिट्टी खुदाई और तालाब निर्माण को लेकर विवाद हुआ था, जिसकी शिकायत पंचायत एवं जिला स्तर पर की गई थी। इसके बाद से सरपंच प्रतिनिधि गोपाल दास महंत एवं अन्य सहयोगियों द्वारा मारपीट, गाली-गलौज करने तथा धमकाने की बात कही गई है।प्रार्थी का कहना है कि उसने थाना और डायल 112 से भी मदद मांगी, लेकिन मामला राजस्व से जुड़ा होने की बात कहकर उसे तहसील भेज दिया गया, जहां से भी उसे कोई राहत नहीं मिली।शिकायत में यह भी बताया गया है कि वह गांव से लगभग 2 किलोमीटर दूर रहता है, जिससे बाहरी लोगों का आना-जाना लगा रहता है और उसे तथा उसके परिवार को भय का माहौल बना हुआ है।प्रार्थी ने पुलिस से मामले की जांच कर सुरक्षा व्यवस्था कराने और दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।