मशाले जली – महिलाओं ने सशक्तिकरण की ओर बढ़ाया एक और कदम 

( इंटक के तत्वाधान में महिला दिवस के उपलक्ष्य में निकली रैली )

( पुष्प वर्षा कर मशाल रैली में शामिल महिलाओं का किया गया स्वागत )

किरंदुल — राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के पावन अवसर पर मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन इंटक किरंदुल द्वारा

नारी सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के जन-जागरण हेतु एक विशाल एवं प्रेरणादायक जागरूकता मशाल रैली का आयोजन किरंदुल नगर के फुटबॉल ग्राउंड से किया गया । महिलाओं की मशाल रैली फुटबॉल ग्राउंड से निकल कर ओल्ड डबल स्टोरी ,बैंक चौक से बस स्टैंड होते हुए गांधी भवन श्रमिक इंटक सदन पहुंची । रैली के शुभारंभ कार्यक्रम को किरंदुल पालिकाध्यक्ष रूबी सिंह ,पूर्व पालिकाध्यक्ष अनिल राजी मोल ,थाना प्रभारी संजय यादव ने भी संबोधित करते हुए इंटक की इस पहल को समाज में नारी सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने का एक सशक्त प्रयास बताया । उपस्थित अतिथियों ने इस मशाल रैली को नगर की मातृ-शक्तियों और बहनों की गरिमामय भागीदारी समाज के लिए प्रेरणा कहा ।मशाल रैली के पूर्व रैली में शामिल महिलाओं के ऊपर पुष्प वर्षा कर महिलाओं का सम्मान किया गया ।

रैली के समापन उपरांत

प्रेरणादायक ज्ञानमार्गी उद्बोधन

नारी शक्ति सम्मान समारोह

सामाजिक जागरूकता से जुड़े विशेष कार्यक्रम गाँधी भवन इंटक श्रमिक सदन किरंदुल में आयोजित किए गए । इंटक किरंदुल के सचिव ए के सिंह ने स्वागत भाषण में कहा कि इस ऐतिहासिक और सामाजिक चेतना से जुड़े कार्यक्रम में किरंदुल नगर की समस्त मातृ-शक्तियों, बहनों एवं बेटियों की गरिमामय उपस्थिति भविष्य में नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक नए भविष्य को अंजाम देगी । उल्लेखनीय हैं कि मशाल रैली में शामिल महिलाओं के लिए किरंदुल चैम्बर ऑफ कॉमर्स के द्वारा डॉ अम्बेडकर चौक में पेय जल की भी व्यवस्था की गई थी । कार्यक्रम का मंच संचालन बी एल तारम और दिनेश साहू ने संयुक्त रूप से किया ।