बस स्टैंड, छिंद तालाब, देवरनीन तालाब सहित अन्य स्थलों का किया अवलोकन
गरियाबंद – गरियाबंद नगर पालिका क्षेत्र के समग्र विकास, शहरी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक व्यवस्थाएं एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर श्री बीएस उइके एवं नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्री रिखिराम यादव ने शहर के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बस स्टैण्ड, छिंद तालाब, देवरनीन तालाब, बाजार के लिए उपयुक्त स्थल चिन्हांकन, साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था तथा अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री उइके ने छिंद तालाब स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि तालाब से लगे कुछ खेतों में कृषकों द्वारा अवैध रूप से कब्जा किया गया है, जिससे तालाब की मूल सीमा प्रभावित हो रही है। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ऐसे कृषकों को नोटिस जारी कर अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तालाब जैसे जल स्रोतों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है और किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं होना चाहिए। कलेक्टर श्री उइके ने छिंद तालाब से लगे देवरनीन तालाब का भी निरीक्षण किया। उन्होंने तालाब परिसर में नियमित साफ-सफाई कराने, आसपास के क्षेत्र को व्यवस्थित रखने तथा जल स्रोत को स्वच्छ बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तालाबों के आसपास स्वच्छता और सौंदर्य बनाए रखने से यह स्थल नागरिकों के लिए आकर्षक बन सकते हैं तथा लोगों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण भी प्राप्त होगा।
