कंबल वितरण से पुस्तकालय तक: सामाजिक सरोकार की मजबूत मिसाल बनी मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन इंटक ।

किरंदुल — मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन, इंटक किरंदुल द्वारा समाज कल्याण की दिशा में एक अनुकरणीय और प्रेरणादायी पहल की गई। यूनियन के अध्यक्ष विनोद कश्यप एवं सचिव ए.के. सिंह के कुशल नेतृत्व, मार्गदर्शन और सामाजिक दायित्व के संकल्प के तहत जनहितकारी कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। इस सराहनीय परोपकारी एवं जनकल्याणकारी कार्य के लिए नगरवासियों द्वारा इंटक यूनियन की भूरि‑भूरि प्रशंसा की जा रही है।

कार्यक्रम के अंतर्गत नगर के वृद्ध, असहाय एवं जरूरतमंद नागरिकों को कड़कती ठंड से राहत प्रदान करने हेतु कंबल तथा तेज धूप व बारिश से बचाव के लिए छाते वितरित किए गए। साथ ही, उनके स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्वल्पाहार की भी व्यवस्था भी की गई। कंबल और छाता प्राप्त कर बुजुर्गों के चेहरों पर संतोष, राहत और सुरक्षा की अनुभूति स्पष्ट रूप से दिखाई दी। यह पहल मानवीय संवेदना का सशक्त उदाहरण रही और समाज के प्रति यूनियन की जिम्मेदारी व प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

उक्त अवसर पर कार्यक्रम में आमंत्रित अतिथि किरंदुल पुलिस थाना प्रभारी संजय यादव ने कड़कती ठंड के मौसम में जरूरतमंद नगरवासियों के लिए कंबल तथा धूप‑बारिश से बचाव हेतु छाता वितरण जैसे मानव सेवा के इस सराहनीय और प्रेरणादायक प्रयास की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने यूनियन को इसी प्रकार श्रमिकों एवं नगरपरिवार के हितार्थ निरंतर नेक कार्य करते रहने के लिए मंगलकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन, इंटक श्रमिक हितों के साथ‑साथ समाज सेवा, बच्चों एवं जनकल्याण के कार्यों में सदैव अग्रणी रही है।

इसी क्रम में समाज में ज्ञान, शिक्षा, संस्कार एवं सामाजिक चेतना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से इंटक श्रमिक सदन, गांधी भवन के समीप ‘लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल पुस्तकालय का भव्य शुभारंभ भी किया गया। यह पुस्तकालय बच्चों, विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों के लिए अध्ययन, मार्गदर्शन और आत्मविकास का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। इसके माध्यम से बच्चों में पढ़ने की आदत, अध्ययनशीलता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा मिलेगा, जो उनके सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होगा ।

इस अवसर पर किरंदुल पुलिस थाना प्रभारी संजय यादव , यूनियन अध्यक्ष विनोद कुमार कश्यप , सचिव ए.के. सिंह , कार्यकारी अध्यक्ष चिन्नास्वामी , उपाध्यक्ष जियाउल हसन , जी. रवि , दिलीप सिंह जी, कोषाध्यक्ष ओम कुमार साहू , संगठन सचिव श्री सादाब जिलान , पदाधिकारी देवनारायण , तरुण कुमार साहू , सत्यप्रकाश , जितेन्द्र कुमार , गया राम ठाकुर , त्रिलोक बांधे , हेमशंकर , खेमेश्वर साहू , संपत राम साहू , ढाल सिंह, दिनेश साहू , रवि साहू , जगत राम , देव कुमार , जितेन्द्र , हेमंत ठाकुर , सुभद्रा पटेल , राधीन , पुष्पा , रीतू साहू , प्रमिला सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम संचालन यूनियन के उपाध्यक्ष जी. रवि जी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन यूनियन के उपाध्यक्ष जियाउल हसन द्वारा प्रस्तुत किया गया।