फिंगेश्वर :–भारत सरकार शिक्षा मंत्रालय नई दिल्ली द्वारा विद्यालयों में 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाए जाने हेतु विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं.इसी तारतम्य में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिजली में वीर बाल दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर व्याख्याता पूरन लाल साहू ने कहा कि वीर बाल दिवस भारत में शौर्य बलिदान और बच्चों की प्रेरणादायक कहानियों को स्मरण करने का एक विशेष दिवस है.यह दिवस उन वीर बालकों के साहस और बलिदान को सम्मानित करने के लिए मनाया जाता है जिन्होंने धर्म, न्याय और सत्य की रक्षा के लिए अपने जीवन का बलिदान दिया खासकर सिख धर्म के इतिहास में साहिबजादों गुरु गोविंद सिंह जी के चार पुत्रों के बलिदान को याद करते हुए यह दिन प्रेरणा का स्रोत बना. उन्होंने आगे राष्ट्र निर्माण में बच्चों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में बच्चों एवं युवाओं की अहम भूमिका होती है. उनमें देश को विकसित करने और प्रगति की ओर ले जाने की शक्ति होती है.वह देश में सामाजिक सुधार लाने के लिए भी जिम्मेदार होते हैं. इसलिए युवाओं को समर्पित,उत्कृष्ट और सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए ताकि वह अपने नवाचार, कार्य कुशलता और उत्साह से भारत के विकास को गति दे सके. कार्यक्रम के अंत में भाषण चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता में भाग लेने वाले स्वाति साहू, जास्मीन साहू, कीर्ति निषाद,सेतुका साहू एवं डिम्पल ढीढी को विद्यालय की ओर से पुरस्कार देकर उनका सम्मान किया गया.इस मौके पर विद्यालय के व्याख्याता पूरन लाल साहू, वरिष्ठ व्याख्याता नरेन्द्र कुमार वर्मा क्लर्क दुष्यंत कुमार साहू उपस्थित थे.
