
रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व CM रमन सिंह के खिलाफ राजभवन में राज्यपाल अनुसुईया उइके से कांग्रेस प्रवक्ता RP सिंह ने शिकायत की है। कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह ने आरोप लगाया है कि पूर्व सीएम रमन सिंह ने भ्रष्टाचार से संपत्ति अर्जित की है। 10 साल में 1500 गुना आय अर्जित करने का आरोप लगाया है। साथ ही मामले में आयकर, ED और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

RP सिंह ने शिकायत कॉपी में कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के कबीरधाम जिले के ग्राम ठाठापुर के मूल निवासी रमन सिंह 1998 के कवर्धा विधानसभा चुनाव में पराजय के पश्चात 2003 तक कर्ज में डूबे हुए थे। साधारण मध्यम वर्गीय परिवार के सदस्य एवं आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में निजी प्रेक्टिस किया करते थे। उनकी पत्नी वीणा सिंह और पुत्र अभिषेक सिंह के आय का कोई अन्य साधन नहीं था। 2003 में वे मुख्यमंत्री बने. 15 साल तक मुख्यमंत्री रहे। उनके कार्यकाल में राज्य में अनेकों घोटाले हुए।
