पालिका में संबंधित दस्तावेजों का अवलोकन अब ऑनलाइन कर सकेंगे नागरिक।

कर वसूली में तेजी लाने नपाध्यक्ष ने विभाग प्रभारियों की बैठक ली।
महासमुंद – नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने आज पालिका दफ्तर में राजस्व विभाग, जल विभाग तथा मिशन क्लीन सिटी के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। जिसमें राजस्व वसूली में तेजी लाने आवश्यक निर्देश अध्यक्ष ने दिए। साथ ही डिजिटल व भ्रष्टाचार मुक्त पालिका बनाने की दिशा में श्री साहू ने पहल करते हुए पालिका के समस्त विभागों के दस्तावेजों का ऑनलाइन कर ई डॉक्यूमेंट उपलब्ध कराने हेतु ई ऑफिस तैयार करने के निर्देश भी दिए। जिससे नागरिक अपनी आवश्यक दस्तावेजों का अवलोकन ऑनलाइन कर सकेंगे। इसके अलावा कर्मचारियों को भी अपनी समस्त करों का भुगतान करने संबंधी विषयों पर चर्चा हुई।
श्री साहू ने विभाग प्रभारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नगर वासियों को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने हम प्रतिबद्ध हैं। हम पूरी निष्ठा से नगर वासियों के मूलभूत सुविधाओं का ध्यान रख रहे हैं। यह सुविधाएं नगर जनों को मिलती रहे इसके लिए समस्त करों का भुगतान भी आवश्यक है।
चूंकि, नागरिकों को जो मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो रही है वह कर्मचारियों के कठिन परिश्रम का प्रतिफल है। और उन कर्मचारियों का वेतन नागरिकों द्वारा किए गए टैक्स भुगतान से मिलता है। ऐसे में नगर जनों का दायित्व है कि वे सभी करों का भुगतान समय पर करें। और इसके लिए कर्मचारियों को वार्डों में भेजकर हम अपील भी कर रहे हैं। अब वार्डों में टैक्स वसूली हेतु जाने वाले कर्मचारियों को कर वसूली के लिए एक लक्ष्य देकर वसूली में तेजी लाने के निर्देश पालिका अध्यक्ष ने कर्मचारियों को दिए।
नगर पालिका अध्यक्ष ने सख्त रुख अपनाते हुए कर्मचारियों को निर्देशित किया कि बार बार अपील, निवेदन के बाद भी जो लोग करों का भुगतान नहीं कर रहे हैं, उनकी संपत्ति, मकान कुर्की करने की कार्रवाई करें। तथा कानून सम्मत कार्रवाई करने की प्रक्रिया भी तेज करें। समीक्षा बैठक में सीएमओ अशोक सलामे सहित समस्त विभाग प्रभारी गण उपस्थित थे।