ग्रामीणों ने बढ़चढ़ कर शिविर में लिया हिस्सा।
कलेक्टर श्री उइके एवं जिला पंचायत सीईओ श्री चन्द्राकर ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा।
गरियाबंद – जिले के फिंगेश्वर विकासखण्ड के अंतर्गत राज्यपाल के गोद ग्राम पंचायत बिजली के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला परिसर बिजली में आज एक दिवसीय स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें आमजनों ने बढ़चढ़ कर स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान में हिस्सा लिया। इस शिविर के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को प्राथमिक उपचार से लेकर विशेष स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराया गया। शिविर में जिले के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों एवं युवाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गई। इस अवसर पर कलेक्टर श्री बी.एस उइके एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चन्द्राकर ने शिविर स्थल का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से चर्चा कर सेवा की गुणवत्ता की जानकारी प्राप्त की।कलेक्टर ने कहा कि राज्यपाल के गोदग्राम बिजली में सभी नागरिकों के स्वास्थ्य सुविधाओं बेहतर रहे एवं मूलभूत सुविधाओं से वंचित ने हो इसलिए शिविर लगाया जा रहा है। इस शिविर के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, रेडक्रास के वालेंटियर्स, पंच, सरपंच सहित अन्य नागरिकों का भरपूर सहयोग रहा है। जिससे कि उन्हें गांव में ही अच्छी स्वास्थ्य सुविधा मिली है। इस शिविर में गांव एवं आसपास के 500 से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई। अधिकतर महिलाओं, किशोरी युवतियों ने हीमोग्लोबिन जांच, सामान्य चिकित्सा, ईसीजी, शुगर जांच, नेत्र जांच, दंत चिकित्सा सहित अन्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई है। इसके अलावा 20 से अधिक गर्भवती महिलाओं को मच्छरदानी, 15 लोगों को आयुष्मान कार्ड वितरित किया गया। इस अवसर पर एसडीएम श्री विशाल महाराणा, डिप्टी कलेक्टर सुश्री अंजली खलखो सहित जिला व विकासखण्ड चिकित्सक एवं अधिकारी उपस्थित थे।
