बिटीओ का मुख्य कार्यालय हैं किरंदुल में – चढ़ेगा सियासी पारा ।
किरंदुल – दक्षिण बस्तर में ट्रक मालिकों की सबसे बड़ी और आर्थिक रूप से मजबूत मानी जाने वाली संस्था बैलाडीला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन यानी बिटीओ का वार्षिक चुनाव 13 अगस्त को 10 सदस्यों की चुनाव संचालन समिति की निगरानी में सम्पन्न हुआ था । फिलहाल बैलाडीला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन के नवनिर्वाचित 7 पदाधिकारियो के शपथ ग्रहण की जिम्मेदारी भी चुनाव संचालन समिति के ही जिम्मे है जिसको लेकर बिटीओ की चुनाव संचालन समिति ने शपथ ग्रहण की तारीख भी 24 अगस्त तय कर आमंत्रण पत्र भी मुख्य अतिथि और विशेष तथा विशिष्ट अतिथि के नामों के साथ छपवा लिया है । परंतु बिटीओ की संचालन समिति के द्वारा बनाये गए शपथ ग्रहण के निमंत्रण पत्र में किरंदुल नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष जो कि नगर का प्रथम नागरिक भी है उनके नाम को निमंत्रण पत्र में स्थान नहीं देने से निमंत्रण पत्र के सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद किरंदुल नगर में हो रही मूसलाधार बारिश के बाद भी नगर का सियासी पारा काफी गरमाया हुआ है । क्योंकि बिटीओ का मुख्य कार्यालय किरंदुल में स्थित है उसके बाद भी शपथ ग्रहण के निमंत्रण पत्र में किरंदुल नगरपालिका अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण जनप्रतिनिधियों का नाम तक शामिल नहीं है । बिटीओ कीचुनाव संचालन समिति, जिनके कंधों पर पूरे चुनाव की पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वास की जिम्मेदारी है, अब तक सवालों पर खामोशी साधे हुए है। समिति की यह चुप्पी न केवल शंकाओं को और गहरा रही है, बल्कि सदस्यों के बीच असमंजस और असंतोष भी बढ़ा रही है।
क्या शपथ ग्रहण जैसे महत्वपूर्ण आयोजन से नगरपालिकाओं के निर्वाचित अध्यक्षों को अलग रखना उचित है । क्या यह अनदेखी लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत नहीं है । जनमानस की अपेक्षा है कि बिटीओ की संचालन समिति जल्द से जल्द सामने आकर इन प्रश्नों का उत्तर दे और पारदर्शिता स्थापित करे। अन्यथा यह चुप्पी आने वाले समय में और बड़े विवाद को जन्म दे सकती है।
