गीदम:-डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, जावंगा में जोन-1 (दंतेवाड़ा,सुकमा, बीजापुर एवं नारायणपुर) के डीएवी स्कूलों की दो दिवसीय क्षेत्रीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस भव्य आयोजन की शुरुआत क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. डी. कामेश्वर राव की उपस्थिति में हुई,जिसमें अन्य विद्यालयों के प्राचार्य, खेल शिक्षक (PTI) एवं खेल समन्वयकों ने सहभागिता की। डॉ. राव ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे निडरता, जोश और निष्पक्षता के साथ अपना प्रदर्शन करें। प्रतियोगिता की शुरुआत पारंपरिकमशाल जलाकर की गई, जिससे प्रतिभागियों में उमंग और विजय की भावना जागृत हुई। खेल की शपथ के साथ सभी खिलाड़ियों ने निष्ठा और खेल भावना के साथ सहभागिता करने का संकल्प लिया। पहले दिन एथलेटिक्स स्पर्धाएं—100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर दौड़, रिले रेस, ऊंची कूद, लंबी कूद, गोला, तवा और भाला फेंक जैसे कार्यक्रम आयोजित हुए। 13 विद्यालयों के प्रतिभागियों ने पूरे जोश के साथ अपनी श्रेष्ठता का परिचय दिया। दूसरे दिन फुटबॉल, वॉलीबॉल, खो-खो, बैडमिंटन, और शतरंज जैसे समूह खेलों का आयोजन किया गया। समापन अवसर पर विजेताओं के नामों की घोषणा कर उन्हें सम्मानित किया गया। अंत में जावंगा स्कूल के समस्त स्टाफ ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों व आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। चार जिलों के 13 स्कूलों से आए लगभग 550 विद्यार्थियों ने इस प्रतियोगिता में भाग लेकर खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। चयनित विजेता अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी काबिलियत दिखाएंगे।
