प्रदेश में रजत जयंती वर्ष 2025-26 का होगा वृहद आयोजन।

राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उपलब्धियों को किया जाएगा प्रदर्शित।

15 अगस्त से विभिन्न विभागों द्वारा की जाएगी गतिविधियां।

250 दिन तक विभिन्न कार्यक्रमों का करेंगे आयोजन।

गरियाबंद – वर्ष 2000 में भारत का 26वां राज्य बनने के बाद छत्तीसगढ़ ने अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजकर विकास के लक्ष्यों को हासिल कर देश में एक विशिष्ट पहचान बनाई है। राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ में रजत जयंती वर्ष 2025-26 का वृहद आयोजन किया जाएगा। इसके तहत विभिन्न विभाग 15 अगस्त से राज्य की उपलब्धियों, संस्कृति, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, कृषि, महिला सशक्तिकरण आदि क्षेत्रों से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन करेंगे। महाअभियान 15 अगस्त 2025 से 31 मार्च 2026 तक चलेगा। कार्यक्रम की सम्पूर्ण रूपरेखा एवं आयोजन के संबंध में चर्चा करने धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के अपर मुख्य सचिव  सुब्रत साहू ने जिला कलेक्टरों की ऑनलाइन बैठक ली। कलेक्टर सभाकक्ष गरियाबंद से कलेक्टर श्री बी.एस. उइके, जिला पंचायत सीईओ श्री जी.आर. मरकाम, अपर कलेक्टर  नवीन भगत सहित जिला अधिकारीगण ऑनलाइन बैठक में शामिल हुए। अपर मुख्य सचिव ने रजत जयंती वर्ष की सभी तैयारियां तय समय में सुनिश्चित करते हुए विभिन्न विभागों द्वारा भव्य आयोजन करने के निर्देश दिये। रजत जयंती वर्ष आयोेजन अंतर्गत कार्यक्रमों में युवा, महिला, किसान सहित समस्त नागरिकों की सुनिश्चित की जायेगी। रजत जयंती वर्ष के आयोजन का उद्देश्य राज्य की उपलब्धियों को प्रदेश के कोने-कोने तक पहुंचाना है। साथ ही वर्ष 2050 के भावी छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान के लिए प्रेरित करना है।रजत जयंती वर्ष में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के केन्द्र बिन्दु गरीब कल्याण, युवा सशक्तिकरण, अन्नदाता एवं नारी सशक्तिकरण होंगे। प्रत्येक विभाग 25 वर्षो की यात्रा को प्रदर्शित करते हुए एक विशेष सप्ताह का आयोजन करेंगे। यह आयोजन वार्ड, पंचायत, विकासखण्ड एवं जिला स्तरीय पर आयोजित किये जायेंगे। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों सहित योजनाओं के लाभार्थी, आम नागरिक, महिलाओं, स्कूल व कॉलेज के विद्यार्थियों किसानों, श्रमिकों, भूमिहीन मजदूरों एवं उद्यमियों को विशेष रूप से शामिल किया जायेगा। रजत जयंती वर्ष के दौरान छत्तीसगढ़ी फिल्म फेस्टिवल, फूड उत्सव, शिल्प मेला, कलांजलि, लोकनृत्य महोत्सव, देशभक्ति गीत महोत्सव, पुस्तक वाचन दिवस, बाल पंचायत प्रदर्शनी, पोषण मेला, महतारी सम्मेलन, मेगा हेल्थ कैम्प, टीकाकरण अभियान, सेमीनार, जॉब फेयर, प्रवासी छत्तीसगढ़ सम्मेलन, फिट छत्तीसगढ़ चैलेंज, कवि सम्मेलन, युवा महोत्सव, पतंग उत्सव, विशेष ग्रामसभा, स्वच्छता सप्ताह, रंगोली, निबंध, भाषण प्रतियोगिता, हर्बल मेला, किसान मेला, हर घर तिरंगा अभियान, सुशासन सप्ताह, संविधान दिवस, सड़क सुरक्षा माह, रक्तदान शिविर, क्रियेटर मीट, साइन लैंगवेज डे, वरिष्ठ नागरिक सम्मान सम्मेलन, चावल उत्सव, गंगरेल उत्सव, महानदी उत्सव, इंद्रावती उत्सव, जनजातीय गौरव दिवस एवं शासकीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार जैसे विभिन्न आयोजन किये जायेंगे।