भाजपा के द्वेषपूर्ण कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस का चक्काजाम आज : विनोद चंद्राकर।

महासमुंद – पूर्व संसदीय सचिव व महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवनलालचंद्राकर के नेतृत्व में 22 जुलाई मंगलवार को दोपहर 12 से 2 बजे तक कांग्रेसजनों द्वारा नदी मोड़ ओवरब्रिज के ऊपर चक्काजाम किया जाएगा।पूर्व विधायक श्री चंद्राकर ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आव्हान पर पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के सुपुत्र चैतन्य बघेल की ईडी द्वारा गिरफ्तारी के विरोध में पूरे प्रदेश में आर्थिक नाकेबंदी का निर्णय लिया गया है। जिसके तहत महासमुंद कांग्रेस कमेटी द्वारा नदीमोड़ घोड़ारी ओवरब्रिज पर कांग्रेस जन कल 12 बजे एकत्र होंगे तथा एनएच-53 पर चक्काजाम करेंगे।श्री चंद्राकर ने कहा कि भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी एजेंसियों का निजी लाभ के लिए दुरुपयोग किया जा रहा है। सरकार की विफलताओं, उसकी कमियाें को उजगार करने वाले तथा शासन के गलत नीतियों का विरोध करने वाले, जनता की आवाज उठाने वाले विपक्षी नेताओं को डराने तथा उनकी आवाज को दबाने द्वेषपूर्ण असंवैधानिक कृत्य भाजपा सरकार द्वारा किया जा रहा है। भाजपा ने आज पूरे प्रदेश में लूट मचा रखा है। प्रदेश की जल, जंगल, जमीन को अडानी जैसे उद्योगपतियों के हवाले कर दिया है। शासकीय संस्थाओं को निजी हाथों में दिया जा रहा है। आैर विरोध करने वालों पर झूठा केस लगाकर उन्हें प्रताड़ित करने का काम भाजपा कर रही है। भाजपा के असंवैधानिक कृत्यों के विरोध में यह चक्काजाम आयोजित है। जिसमें समस्त वरिष्ठ कांग्रेसी, जनप्रतिनिधि गण, संगठन के पदाधिकारी, महिला प्रकोष्ठ,युवा प्रकोष्ठ, एनएसयूआई, सेवादल के पदाधिकारी, सदस्य व कार्यकर्ता शामिल होंगे।