भटपल्ली में जल जीवन मिशन की पहल।

समूह जल-प्रदाय योजना से हर-घर में नल से हो रही जल की आपूर्ति।

बीजापुर – ग्राम भटपल्ली जो बीजापुर जिले के भोपालपटनम विकासखण्ड के ग्राम पंचायत तिमेड़ का आश्रित ग्राम है, जल जीवन मिशन के तहत एक प्रेरणादायक सफलता की मिसाल प्रस्तुत करता है। इस योजना ने ग्रामीणों के जीवन में जल आपूर्ति की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव लाया है। इस ग्राम में समूह जल प्रदाय योजना के माध्यम से शुद्ध पेयजल प्रदाय किया जा रहा है।पहले ग्राम भटपल्ली में 15 हैण्डपंपों के माध्यम से पानी की आपूर्ति होती थी, जिससे ग्रामीणों को पानी के लिए लंबी कतारों का सामना करना पड़ता था। जल जीवन मिशन के तहत अब 81 परिवारों को घर पर नल कनेक्शन के माध्यम से निरतंर शुद्ध पेयजल आपूर्ति हो रहा है। 10 मई 2025 को ग्रामसभा के माध्यम से ग्राम भटपल्ली में शत प्रतिशत हर-घर जल प्रमाणीकरण किया गया इस अवसर पर ग्राम के सरपंच श्रीमती वासम लक्ष्मी, सचिव श्री अल्लेम कृष्णाराव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी के साथ-साथ ग्रामवासी उपस्थित रहे। जल जीवन मिशन के तहत ग्राम पंचायत को जल आपूर्ति प्रणाली के संचालन, प्रबंधन और सतत क्रियाशीलता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे ग्रामवासियों में जल के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ी है और वे जल के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। ग्राम भटपल्ली में जल जीवन मिशन की सफलता न केवल जल आपूर्ति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह ग्रामवासियों की सहभागिता और जागरूकता की भी प्रतीक है।