सत्यनारायण महाप्रभु जी का 76वां स्थापना दिवस कंसारी समाज ने धूमधाम के साथ मनाया, निकली भव्य शोभायात्रा ।

नवापारा राजिम – नगर के मध्य में विराजमान कंसारी समाज का गौरव श्री सत्यनारायण मंदिर में स्थापित श्री सत्यनारायण भगवान की मूर्ति स्थापना का 76 वां स्थापना दिवस (वार्षिकोत्सव) के रूप में श्री सत्यनारायण मंदिर कमेटी एवं कंंसारी समाज द्वारा अत्यंत हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ मनाया गया। बरसते पानी में सत्यनारायण महाप्रभु जी की विशाल शोभायात्रा निकाली गई। कुछ ही देर पश्चात आसमान साफ हो गया, बारिश बंद हो गई। लोग इसे महाप्रभु का चमत्कार कहने लगे।इस अवसर पर सामाजिक बंधुओं का व्यवसाय पूर्ण रूप से बंद रहा । मंदिर के पुजारी पंडित भागवत प्रसाद मिश्रा द्वारा मंत्रोच्चार के बीच प्रातः 4:00 बजे ब्रह्म मुहूर्त में महाप्रभु को पंचामृत स्नान कराया गया।प्रातः 5:00 बजे भगवान का अलौकिक श्रृंगार किया गया वहीं सुबह 6:00 बजे मंगला आरती हुई। सामाजिक जनों व श्रद्धालुओं द्वारा देव दर्शन एवं पूजा अर्चना की गई ।प्रातः भगवान श्री सत्यनारायण जी की कथा का आयोजन संपन्न हुआ तत्पश्चात प्रसाद वितरण किया गया। प्रात 8:30 बजे श्री सत्यनारायण भगवान की शोभायात्रा निकाली गई जो कि नगर के प्रमुख मार्गो गंज रोड, सब्जी मंडी, सदर रोड, कुम्हारपारा ,सुभाष चौक, बस स्टैंड, कर्मा मंदिर मां काली मंदिर मंडी होते हुए वापस मंदिर में आकर समाप्त हुई। समाज की भजन मंडलियों के द्वारा शोभायात्रा के आगे आगे भजन कीर्तन गाया बजाया जा रहा था। उड़िया संस्कृति पर आधारित गीत व भजनों की प्रस्तुति के साथ ही उड़ीसा से आई कलाकारों की टीम लोगों में आकर्षण का केंद्र रही। डीजे की धुन पर युवा थिरकते रहे। दोपहर को मंदिर परिसर में सामाजिक भोज का आयोजन किया गया जिसमें सामाजिक जनों ने भोजन प्रसादी ग्रहण किया। श्री सत्यनारायण महाप्रभु जी के 76 वें स्थापना दिवस के अवसर पर सप्ताह भर प्रातः 4:00 बजे से प्रभात फेरी निकाली गई। जिसमें समाज की भजन मंडली ,श्री सत्यनारायण मानस मंडली, संकीर्तन मंडली द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी गई। वहीं सप्ताह भर विविध कार्यक्रम संपन्न किए गए।कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री सत्यनारायण मंदिर कमेटी, नगर कंंसारी समाज, युवा संगठन, महिला संगठन, सत्यनारायण शिक्षा विकास समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।