
एस के मिनोचा:
कोरिया। डिप्टी रेंजर रामायण शर्मा द्वारा ग्रामीणों से की गई लूटपाट का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। वरिष्ठ अधिकारियों ने जांच के बाद उचित कार्यवाही का भरोसा दिलाया है जिससे अब लगने लगा है की निर्दोष ग्रामीणों को जल्दी ही न्याय मिल जायेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मनेन्द्रगढ़ वन मंडल अंतर्गत वन परिक्षेत्र केल्हारी में पदस्थ डिप्टी रेंजर रामायण शर्मा ने 20 अप्रैल की शाम को शराब के नशे में ग्रामीणों से गाली गलौज की साथ ही लोगों द्वारा एकत्र किये गये महुआ को भी लूट लिया। जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो विभागीय कार्यवाही का डर दिखाकर उन्हें शांत करा दिया गया।
अपने नुकसान से परेशान ग्रामीणों ने इसकी जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दी जिस पर उन्होंने क्षेत्रीय विधायक गुलाब कमरो को पूरे मामले से अवगत कराया और उचित कार्यवाही की मांग की। विधायक कमरो ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली और कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया।
पूरे मामले में वन विभाग की किरकिरी होते देख अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व एसडीओ(वन) केल्हारी पहुंचे और ग्रामीणों से पूरी जानकारी ली और उनका बयान दर्ज किया गया।
अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच कर उचित कार्यवाही का भरोसा दिलाया है।
