बलौदाबाजार – आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा निर्माण पर बड़ी कार्यवाही करते हुए करीब एक लाख 80 हजार मूल्य के अवैध कच्ची मदिरा एवं महुआ लाहन जब्त किया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार वृत्त बलौदाबाजार के ग्राम सुढ़ेली में अवैध मदिरा निर्माण की सूचना पर रविवार को संभागीय उड़नदस्ता एवं जिला आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम के नाला किनारे छिपाकर रखी हुई 85 लीटर अवैध कच्ची मदिरा तथा लगभग 3260 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। बरामद मदिरा का परीक्षण कर जब्त किया गया एवं महुआ लाहन का सैम्पल लिया गया। बरामद मदिरा एवं महुआ लाहन का बाजार मूल्य एक लाख 80 हजार रूपए होना पाया गया। आज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34 (1) (च), 34 (च) तथा 34(2) का अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया। आरोपी की पतासाजी की जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी चंद्रहास यदु, जलेश सिंह एवं आबकारी उप निरीक्षक राजेंद्र देवांगन संभागीय उड़न दस्ता रायपुर के नेतृत्व में उक्त कार्यवाही की गई।
