महासमुंद – नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू के निर्देश पर पालिका कर्मियों की टीम द्वारा शहर के सभी वार्डों में जाकर नलों में टुल्लू पंप लगाकर पानी खींचने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। शनिवार को पालिका टीम द्वारा वार्ड 29 निवासी पवन कन्नाैजे के घर से नल में टुल्लू पंप लगाकर पानी खींचते हुए पकड़ा गया। टीम ने टुल्लू पंप जब्त कर राजसात किया। ज्ञात हो कि नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू लगातार नागरिकों से अपील कर रहे हैं, कि नलों से आवश्यकता अनुरूप पानी सभी को मिल रहा है। टुल्लू पंप लगाकर पानी खींचने से दूसरे घरों तक पानी नहीं पहुंच पाता, जिससे अनावश्यक अन्य नागरिकों को परेशान होना पड़ता है। अतः नल में पंप लगाकर पानी न खींचे।उन्होंने पालिका कर्मियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि शहर के सभी वार्डों में जाकर नल शुरू होने के समय चेकिंग अभियान चलाया जाए। यदि कोई टुल्लू पंप से पानी खींचते पाए जाते हैं, तो टुल्लू पंप जब्त करें। समझाइश के बाद भी नहीं मानने वालों के नल कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई करें।
