राजीवलोचन मंदिर में जमकर खेला रंग गुलाल।
श्रद्धालुओं के चेहरे समेत पूरा शरीर गुलाल से सन गया था।
राजिम :– छत्तीसगढ़ के प्रयाग नगरी राजिम में भगवान राजीवलोचन के साथ होली खेलने के लिए प्रदेश भर से लोग पहुंचे हुए थे और एक दूसरे से गुलाल लगाकर होली की बधाई देते रहे। शाम को 6:00 भगवान राजीवलोचन गर्भगृह से होकर जगमोहन, महामंडप और दरवाजा से निकलकर सिढ़ी से होते हुए जैसे ही आम भक्तों के बीच में पहुंचे उसके बाद तो गुलाल की बौछार देखते ही बन रही थी। हर तरफ गुलाल की सतरंगी छटा बिखर रही थी। इनमें से सबसे ज्यादा लाल रंग कब्जा जमाया हुआ था।
भगवान की एक झलक पाते ही लोग गुलाल बरसाने लगे। श्रद्धालुओं के चेहरे समेत पूरा शरीर गुलाल से सन गया था। मंदिर के सर्वराकार चंद्रभान सिंह ठाकुर, पुजारी समिति के अध्यक्ष रामकुमार सिंह ठाकुर, शिव सिंह ठाकुर, श्रवण सिंह ठाकुर, नरेंद्र सिंह ठाकुर, रमेश सिंह ठाकुर, सनत सिंह ठाकुर, बलजीत सिंह ठाकुर, हर्ष सिंह ठाकुर, बैकुंठ सिंह ठाकुर, सूरज सिंह ठाकुर, महेंद्र सिंह ठाकुर, कन्हैया सिंह ठाकुर, पारस सिंह ठाकुर, ट्रस्ट के मैनेजर पुरुषोत्तम मिश्रा, सह व्यवस्थापक सुनील शर्मा,पंडित विजय शर्मा, पंडित रुपेश तिवारी, पंडित ऋषि तिवारी, पंडित संतोष शर्मा इत्यादि व्यवस्था में लगे हुए थे। पुजारी ने बताया कि सुबह 4:30 बजे मंदिर के पट खुल गया था। सबसे पहले भगवान का पंचामृत अभिषेक दूध, दही, घी, शक्कर, और मधुरस से किया गया। सुबह बाल्य आरती हुई। अपराह्न 3:00 बजे भगवान राजीव लोचन का विशेष श्रृंगार किया गया जिसमें विशेष रूप से सफेद पीतांबरी के साथ ही सर पर पगड़ी पहनाया गया। खासतौर से भगवान को बताशे का माल भी पहनाया गया।
*नगाड़े की थाप पर झूमते रहे राजीवलोचन के दीवाने*
होली के एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत किए जा रहे थे। नगाड़ा बजाने वालों की टीम पहले से उपस्थित थी और वह होली की एक से बढ़कर एक फाग गीत प्रस्तुत कर रहे थे। भगवान राजीव लोचन के दीवाने बड़ी संख्या में उपस्थित थे और वह फाग गीतों पर गुलाल छिड़ककर झूम रहे थे। पूरा मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से भर गया था। हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में भीड़ देखी गई। बताया गया कि भगवान राजीव लोचन के साथ होली खेलने के लिए प्रदेश के अलावा उड़ीसा राज्य से भी श्रद्धालु पहुंचे हुए थे।
*विधायक से लेकर पूर्व सांसद भी पहुंचे थे।*
भगवान के साथ होली खेलने के लिए राजिम विधायक रोहित साहू, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद चंदूलाल साहू, पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ल, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, नगर पंचायत अध्यक्ष महेश यादव, जनपद पंचायत फिंगेश्वर के उपाध्यक्ष सतीश यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य चंद्रशेखर साहू, भाजपा मंडल अध्यक्ष रिकेश साहू, गोबरा नवापारा नगर पालिका के अध्यक्ष प्रतिनिधि संजय साहू, किशोर साहू, पूरन निर्मलकर, भीखम सोनकर के अलावा अनेक जनप्रतिनिधिगण एवं उनके समर्थक पहुंचे हुए थे। विधायक रोहित साहू का काफिला जैसे ही आया लोग उनके उपर गुलाल लगाने के लिए टूट पड़े। उन्होंने भी सभी को होली की बधाई दी। वह सीधे चलकर फाग मंडली के पास जाकर बैठ गए और हाथ में छड़ी लेकर नगाड़ा बजाने लगे। शहर अध्यक्ष महेश यादव फाग गीत गाते हुए झूमने लगे और उनके साथ में श्रद्धालुगण थिरकने लगे। नगर पंचायत के वार्ड पार्षद भी बड़ी संख्या में पहुंचे हुए थे।
*कुलेश्वरनाथ महादेव का गुलाल से श्रृंगार*
त्रिवेणी संगम के मध्य में स्थित पंचमुखी कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में अच्छी खासी भीड़ रहीं, होली को लेकर महादेव का विशेष रूप से श्रृंगार किया गया था जिसमें गुलाल के अलग-अलग रंगों को आकार दिया गया था। शिवलिंग के अलावा वेदी अर्थात माता पार्वती को भी गुलाल से श्रृंगार किया गया था। यह दृश्य आने वाले श्रद्धालुओं को अपनी ओर खासतौर से आकर्षित कर रही थी। होली के मौके पर अन्य मंदिरों में भी विशेष रूप से भीड़ रही। जिसमें प्रमुख रूप से महाप्रभु जगन्नाथ मंदिर, नरसिंह अवतार, वामन अवतार मंदिर, बद्रीनारायण अवतार, वराह अवतार, साक्षी गोपाल मंदिर, छोटे राजीवलोचन मंदिर, राम मंदिर, लक्ष्मी नारायण मंदिर, भूतेश्वर नाथ महादेव मंदिर, पंचेश्वरनाथ महादेव मंदिर, राजिम भक्तिन माता मंदिर, राजराजेश्वरनाथ महादेव मंदिर, दान दानेश्वर नाथ महादेव मंदिर, आदिशक्ति मां महामाया मंदिर, बाबा गरीब नाथ मंदिर, सोमेश्वर नाथ महादेव मंदिर इत्यादि है।
