डिप्टी रेंजर रामायण शर्मा के ऊपर लगा लूटपाट का आरोप, मामला पहुंचा केल्हारी थाना…

एस के मिनोचा/ केल्हारी(कोरिया) : वन विभाग में विवादों का सिलसिला थमने का नाम ही नही ले रहा है,कभी अवैध रेत उत्खनन तो कभी कोयला का अवैध उत्खनन अब बात लूटपाट तक आ गई है। जी हां आपको बता दें की 20अप्रैल की शाम लगभग 6-7 बजे भोले भाले आदिवासी ग्रामीण जंगल से अपने जीविकोपार्जन के लिए महुआ बिनकर थके हारे वापस घर आ रहे थे लेकिन गरीब आदिवासियों को क्या मालूम था कि बीच रास्ते में ही महुआ लूटपाट हो जायेगा। हालांकि लूटपाट किसी अज्ञात व्यक्ति ने नही बल्कि शिवपुर में पदस्थ डिप्टी रेंजर रामायण शर्मा के द्वारा किया गया है। जो कि अलग अलग जगह जाकर घटना को अंजाम दिया है जिसकी सम्पूर्ण जानकारी चश्मदीद ग्रामीणों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दी।
ग्रामीणों ने बताया कि पहुंचविहीन पहाडी क्षेत्र कैलाशपुर मे सुपरवाइजर आत्मज़ बुद्धू के घर से आधा बोरी महुआ एवं 1000 नगद लूटने की घटना प्रकाश में आई है और इतना ही नहीं ग्रामीण बताते हैं कि शराब के नशे में धुत्त प्रशासन के इस अधिकारी ने चपलीपानी एवं बिहारपुर के जंगल से भी ग्रामीणों से महुआ छीन लिया एवं घड़ा बेचने निकले संतोष आत्मज महावीर निवासी केवटी से गाली गलौच कर 200 रुपए लूट लिया गया।

उक्त सहायक वन परिक्षेत्राधिकारी द्वारा किए गए निंदनीय कृत्य की जानकारी जब ग्रामीणों ने फोन के माध्यम से संयुक्त सचिव जिला कांग्रेस कमेटी संदीप द्विवेदी एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ ग्रामीण के उपाध्यक्ष उपेन्द्र द्विवेदी को दी तो उन्होंने सक्रियता दिखाते हुए बोलेरो वाहन क्रमांक सीजी 08-5552 महुआ सहित सवार दबंग अधिकारी को ताराबहरा में रोक घटना की जानकारी ली,हलांकि उक्त गाड़ी में डिप्टी रेंजर रामायण शर्मा वाहन चालक एवं लगभग 24 बोरी महुआ पाया गया। नशे में धुत्त उक्त अधिकारी वहां पर भी अपनी दबंगई दिखाने से बाज नही आये जबकि उस समय उक्त अधिकारी के पास जप्ती का कोई दस्तावेज नहीं था। जिसकी शिकायत लेकर प्रताड़ित गरीबों ने दर्जनों की संख्या में उक्त अधिकारी व वाहन को लेकर केल्हारी थाना पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने लिखित में शिकायत केल्हारी थाना में दर्ज कराते हुये कड़े कार्यवाही की मांग की है।

हलांकि मामले की सूचना क्षेत्रीय विधायक गुलाब कमरो को भी दी गई उन्होंने भी ग्रामीणों को उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया है।मामले के संबंध में जांच अधिकारी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है जांच उपरांत वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।
लेकिन हैरत का विषय यह है कि घटना के तत्काल बाद शिकायतकर्ता ग्रामीण उक्त अधिकारी व महुआ से लदे वाहन लेकर थाने पहुंचे थे बावजूद इसके पुलिस ने अभी तक कारवाई नहीं की और न ही उक्त वाहन को जप्त किया है।

गौरतलब यह भी हो कि प्रदेश में कांग्रेस काबिज है कांग्रेस के दो नेता शिकायतकर्ताओं के साथ पूरे साक्ष्य लेकर थाने पहुंचे बावजूद इसके कथित तौर पर भाजपा नेता के संरक्षण पर उक्त अधिकारी बेखौफ घूम रहा है।जबकि वन परिक्षेत्राधिकारी केल्हारी ने भी इस कृत्य को गलत बताकर कारवाई करने की बात कही है।