प्लेसमेंट कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष बने पंकज।

 ठेका पद्धति समाप्त करने, नियमितीकरण की मांगों को लेकर भरी हुंकार।

प्रमोद दुबे 

महासमुन्द – नगरीय निकाय प्लेसमेंट कर्मचारी संघ का अनिश्चितकालीन आंदोलन पटवारी कार्यालय के समक्ष जारी है। कर्मचारियों की धरने में पूर्व पार्षद पंकज साहू शामिल हुए। इस दाैरान सर्वसम्मति से श्री साहू को प्लेसमेंट कर्मचारी संघ ने अपना अध्यक्ष चुनकर फूलमाला से उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर कर्मचारियों को संबोधित करते हुए श्री साहू ने कहा कि प्लेसमेंट कर्मचारी वर्षों से अपनी मांगों को लेकर समय-समय पर माैखिक, लिखित तथा धरना आंदोलन के माध्यम से शासन का ध्यान आकृष्ट किया है। लेकिन, शासन – प्रशासन पर प्लेसमेंट कर्मचारियों की गुहार का काेई असर नहीं हो रहा है। उन्होंने कर्मचारियों को एकजुट होकर लड़ाई लड़ने की बात कही। श्री साहू ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में आप अपनी मांगों को लेकर अडिग रहे। जरूरत पड़ी तो न्यायालय का शरण लें।

उन्होंने कहा कि आगामी कुछ माह में नगरीय निकाय चुनाव होना है, तब बाजी आपके हाथ में रहेगी। आप अपने हित-अहित समझकर मताधिकार का प्रयोग करें। आप ऐसा नेता चुने जो आपका सेवक हो मालिक नहीं। उन्होंने कर्मचारियों में जोश भरते हुए कहा कि पालिका में बैठे जनप्रतिनिधियों को प्लेसमेंट कर्मचारियों की विवशता दिखाई नहीं दे रही। उन्होंने ठेका पद्धति समाप्त करने, 15 साल से अधिक समय तक कार्य कर चुके कर्मचारियों की नियमितीकरण की मांग को जायज ठहराते हुए कर्मचारियों को अधिकारों के प्रति डटकर मुकाबला करने प्रेरित किया। इस अवसर पर प्लेसमेंट कर्मचारियों ने एक स्वर में श्री साहू के वक्तव्य का समर्थन किया। आंदोलन स्थल पर सैकड़ों प्लेसमेंट कर्मचारी उपस्थित थे।