दुर्घटनाओं का राजमार्ग बन रहा है तुमगांव रोड- पंकज साहू।

सड़क की जर्जर स्थिति से यात्रियों को परेशानी ।

प्रमोद दुबे 

महासमुन्द । पूर्व पार्षद तथा सामाजिक कार्यकर्ता पंकज साहू ने सिरपुर, पिथौरा, बसना तथा सरायपाली को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाले तुमगांव-महासमुन्द राजमार्ग की दुर्दशा पर टिप्पणी करते हुये कहा कि नासा और इसरो के वैज्ञानिक इस सड़क पर आ कर मंगल ग्रह के धरातल का अध्ययन कर सकते हैं। वर्षा में पूरी तरह बदहाल हो चुकी इस सड़क पर अब तक हुई दुर्घटनाओं में कई लोग हताहत होने के बाद भी शासन प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ठ न होना गम्भीर चिन्ता का विषय है। हाल ही में शासन द्वारा 50 वर्ष पूर्व बनाई गई 12 किलोमीटर लम्बी सड़क, जिसकी चार साल से मरम्मत नही हुई है,सड़क को 2 मीटर चौड़ा करने तथा रास्ते में पड़ने वाले 12 घुमावदार मोड़ों को कर्व में बदलने की घोषणा की गई थी, परन्तु उस पर काम कब प्रारम्भ होगा, यह समय ही बतायेगा।

श्री साहू ने कहा कि वर्तमान में सड़क के गड्डों को भरा जाना तथा सड़क की काम चलाऊ मरम्मत किया जाना आवश्यक है क्योंकि इस सड़क पर कुछ ही महीनों पहले हुई एक दुर्घटना में एक युवक की मौत होने के साथ ही प्रतिदिन लोग घायल हो रहे हैं। स्थिति यहां तक विषम हो चुकी है कि यदि जल्द ही इस सड़क को ठीक नही किया गया तो जनता को आन्दोलन का सहारा लेना पड़ेगा।