बालोद / हाशिम कुरैशी
बालोद – कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने जिले में स्थित सभी शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखने हेतु समुचित उपाय करने को कहा है। इसके अंतर्गत उन्होंने राजस्व अधिकारियों को शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने हेतु तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं। श्री चंद्रवाल आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में जिले के सभी राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों, तहसीलदारों सहित राजस्व विभाग के सभी अधिकारियों को उक्ताशय के निर्देश दिए हैं। इस दौरान उन्होेंने राजस्व अधिकारियों से अतिक्रमण हटाने हेतु की जा रही कार्रवाई के संबंध में जानकारी ली। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. संजय कन्नौजे, अपर कलेक्टर चन्द्रकांत कौशिक, संयुक्त कलेक्टर श्री एके लकरा, श्री डीआर ठाकुर एवं पूजा बंसल सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे। बैठक में श्री चन्द्रवाल ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी से दल्लीराजहरा शहर में डेंगू, मलेरिया के रोकथाम हेतु किए जा रहे उपायों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को दल्लीराजहरा सहित पूरे जिले में डेंगू एवं मलेरिया आदि के बीमारियों की रोकथाम हेतु पुख्ता उपाय सुनिश्चित करने को कहा। इसके अंतर्गत उन्होंने जिले के सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को सभी नगरीय निकायों में साफ-सफाई आदि की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। श्री चन्द्रवाल ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी गुण्डरदेही से नगर पंचायत गुण्डरदेही में चल रहे अमृत मिशन के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होेंने ने इस कार्य को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तायुक्त ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। श्री चन्द्रवाल ने मुख्यमंत्री जनदर्शन में बालोद जिले से संबंधित प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए इस कार्य को विशेष प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने दल्लीराजहरा एवं आसपास के लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने हेतु दल्लीराजहरा में लघु उद्योग की स्थापना के कार्रवाई के संबंध में जानकारी ली। इसके अंतर्गत उन्होंने महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र एवं श्रम पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में श्री चन्द्रवाल ने राजस्व प्रकरणों की स्थिति की भी समीक्षा की। इसके अंतर्गत उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में राजस्व प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जिले में समय सीमा से बाहर कोई भी राजस्व प्रकरण लंबित नही होनी चाहिए। बैठक में श्री चन्द्रवाल ने जिले में लोकार्पण एवं भूमिपूजन के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन करने के पूर्व इसकी जानकारी संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन को अनिवार्य रूप से देने के निर्देश दिए।
