प्रमोद दुबे
महासमुंद – भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य व पूर्व व्यापारी प्रतिनिधि रमेश साहू ने कहा कि प्रदेश में लगातार हो रहे विकास कार्यों, अपराधिक कृत्यों पर कार्रवाई तथा कांग्रेस शासन काल में पोषित माफियाओं पर कार्रवाई से कांग्रेस के तमाम नेता बौखलाए हुए हैं। राजनैतिक वनवास झेल रहे कांग्रेसी मुद्दा विहीन हो चुके हैं और आज महिला सुरक्षा को लेकर अनर्गल तथा मिथ्या प्रलाप का ढोंग रच रहे हैं। श्री साहू ने कहा कि कांग्रेस को अपने 5 सालों के कार्यकाल पर एक नजर डाल लेना चाहिए। कांग्रेसी कार्यकाल में अनेक दुष्कर्म, बेटियों के अपहरण की घटनाएं सामने आती रही, आज कांग्रेस के जो नेता महिला सुरक्षा के नाम पर छाती पीट रहे हैं, पिछले 5 साल अपने कार्यकाल में इस मुद्दे को लेकर मुंह में दही जमाए बैठे थे। यहां तक कांग्रेस सरकार के एक मंत्री ने प्रदेश में महिलाओं के साथ होने वाले दुष्कर्म की घटनाओं को मामूली और छोटी बताया था और जिस घटना का कांग्रेसी उल्लेख कर रहे हैं, तथा राजनीति चमकाने का कार्य कर रहे हैं, यह उन्हें शोभा नहीं देता। श्री साहू ने कहा कि कांग्रेसियों को याद होना चाहिए कि कैसे कांग्रेस के राज में रक्षाबंधन के दिन दो बहनों के साथ दरिंदगी हुई और उसके आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण प्रदान किया गया। यही नही शिक्षक दिवस के दिन एक आदिवासी शिक्षिका सामूहिक यौन दुष्कर्म की शिकार हुई, जिसमें एक आरोपी कांग्रेस का नेता शामिल था। महिला दिवस के दिन राजधानी में महिलाओं पर अत्याचार अनाचार की पराकाष्ठा की गई। राजधानी रायपुर में सरेराह खून से लथपथ एक नाबालिग युवती के बाल खींचते हुए हाथ में कटार लिए एक अधेड़ घूमता रहा। ये सब इन्हें तब दिखाई नहीं दी जब इनके हाथ में पावर था।
