50 हजार से अधिक की नशीली दवाओं के साथ आरोपी गिरफ्तार।

NDPS Act के तहत कोरिया पुलिस की बड़ी कार्यवाही।

सुरेन्द्र मिनोचा

बैकुंठपुर/कोरिया। जिले की पटना पुलिस ने एक व्यक्ति को 50000 रुपए मूल्य से अधिक की अवैध नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। उपरोक्त संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 अगस्त 2024 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति बस में कुछ नशीली दवा बिक्री हेतु पटना की ओर जा रहा है।उक्त सूचना से थाना प्रभारी पटना द्वारा पुलिस अधीक्षक कोरिया को अवगत कराया गया एवं एस पी कोरिया द्वारा तत्काल उक्त आरोपी को पकड़ने हेतु निर्देशित किया गया।

जिस पर मुखबिर के बताये स्थान पर थाना पटना से निरीक्षक विनोद पासवान स्टॉफ सहित ग्राम रनई पर तसदीक हेतु पहुँचे। जहाँ पर मुखबिर द्वारा इशारा करके बताने पर मंदिर के पास एक व्यक्ति हाथ में रखा पीटठू बैग एवं एक बैग पीठ में लटकाया हुआ मिला, जिसे थाना पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबोचा एवं उससे नाम पता पूछने पर उसने अपना नाम रामनारायण ऊर्फ बबन पिता स्व. प्रेम साय, निवासी छिंदिया का होना बताया, उक्त व्यक्ति की स्वतंत्र गवाहों के समक्ष तलाशी ली गई। जिस पर उसके कब्जे से बुप्रेनार्फिन (डलफिन) के 02 एमएल के 1000 नग इंजेक्शन कीमत 34800 रु. तथा एविल का 10 एमएल का 1000 नग वायल कीमत 23070 रू. कुल 57870 रु. अवैध रूप से बरामद किया गया है।

औषधि निरीक्षक द्वारा नशीली दवाओं के इंजेक्शन का परीक्षण कराया गया।औषधि निरीक्षक के अभिमत के आधार पर अभियुक्त का उक्त कृत्य धारा 22(सी) NDPS एनडीपीएस एक्ट के तहत अजमानतीय अपराध होने से उक्त आरोपी को 14 अगस्त 2024 को विधिवत गिरफ्तार कर न्याययिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।